संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापनगर। पढ़ो लिखो बढ़ो चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से शिवालिक की गोद में बसे गांव उपराली चिक्कन में हरियाणा दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में गांव के सभी लोगों, विद्यार्थियों, महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम लोगों को प्रदेश के इतिहास व विकास के सफर के बारे में बताया गया।
संस्था की ओर से राजीव हुसैन ने ग्रामीणों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यहां प्रदेश का 58वां स्थापना दिवस है। एक नवंबर 1966 को हरियाणा पंजाब से अलग होकर अस्तित्व में आया था। हरियाणा एक कृषि प्रधान प्रदेश है। जिसमे उत्पादन के लिए काफी जमीन है जो काफी उपजाऊ भी है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में तिलहन, कपास, गन्ना, आलू, गेहू, मक्की, जीरी सहित अन्य कई फसलों की खेती की जाती है।
वहीं प्रदेश में दूध, दही, मक्खन, देसी घी, लस्सी का मुख्य रूप से सेवन किया जाता है। प्रदेश के युवा देश और दुनिया में खेल में बड़ा नाम कमा रहे हैं। कुश्ती, कबड्जी यहां के युवा बड़े शौक से खेलते हैं। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने कहा कि गांव में शिक्षा स्तर काफी कम है। गांव में केवल पांचवीं तक का स्कूल है। गांव से दसवीं का स्कूल करीब 8 किलोमीटर दूर है।
जाने के लिए कोई स्थायी रास्ता नहीं है। रास्ते में नदी व जंगल है। इसलिए ज्यादातर बच्चे पांचवी के बाद पढ़ाई छोड़ देते हैं। राजीव ने कहा कि जल्द ही गांव में शिक्षा केंद्र खोलकर उच्च शिक्षा का प्रबंध करने का प्रयास किया जाएगा। इस दौरान अंजुम, समीम, जैनब, शबनम, राहिला, काफिया, नसरीन, गुलसाना, मिश्बा, आलमगीर आदि मौजूद रहे।