साढौरा। कौशल विकास एवं औद्योगिक विभाग की ओर से संचालित राजकीय व प्राइवेट आईटीआई में विभिन्न व्यवसायों में दाखिले के लिए आवेदन जारी किए गए हैं। सभी योग्य उम्मीदवार विभागीय वेबसाइट पर 20 जून तक आवेदन कर सकते हैं। विभागीय निर्देशानुसार स्थानीय राजकीय आईटीआई में हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। इसमें इच्छुक उम्मीदवार अवकाश दिन को छोड़कर सुबह नौ से शाम पांच बजे तक संस्थान में आकर बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के दाखिले के लिए आवेदन कर सकते हैं।
आईटीआई साढौरा में 2025-26 सत्र के लिए 520 सीटों पर विभिन्न व्यवसायों में दाखिले किए जाने हैं। आईटीआई में 13 जून तक विभिन्न व्यवसायों में लगभग 577 ऑनलाइन आवेदन पहुंच चुके हैं।
संस्थान के प्रधानाचार्य अश्वनी कुमार ने बताया कि राजकीय आईटीआई में दाखिले लेने के लिए फायरमैन, वेल्डर, वर्क वुड टेक्नीशियन, प्लंबर, पेंटर व ड्रेस मेकिंग व्यवसाय के लिए न्यूनतम योग्यता आठवीं पास तथा अन्य सभी व्यवसायों के लिए 10वीं पास होना जरूरी है। इसके लिए विभाग की ओर से सामान्य व पिछड़ा वर्ग उम्मीदवारों के लिए 100 तथा एससी व ईडब्ल्यूएस के उम्मीदवारों के लिए 50 रुपये आवेदन शुल्क राशि निर्धारित की गई है। सभी महिला उम्मीदवारों के लिए आवेदन का कोई शुल्क नहीं है। दाखिला आवेदन करते समय उम्मीदवार के पास शैक्षणिक प्रमाणपत्र, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी, परिवार पहचान पत्र, आधार कार्ड, हरियाणा स्थायी प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र, पासपोर्ट साइज फोटो व हस्ताक्षर होना अनिवार्य है।