यमुनानगर। मौसम सोमवार दोपहर बाद एक बार फिर से बदल गया। शहरी क्षेत्र में अचानक बारिश होने लगी। इससे लोगों को गर्मी को गर्मी से तो थोड़ी राहत मिली, लेकिन अनाज मंडियों में एक बार फिर से गेहूं भीग गई। अचानक पलटे मौसम से नई अनाज मंडी जगाधरी में काम कर रहे आढ़तियाें के मजदूरों को भी बोरियों पर तिरपाल डालने का मौका नहीं मिला।
वैसे तो किसी भी मंडी में आढ़तियों के पास पर्याप्त तिरपाल ही नहीं है। जो तिरपाल थी वह भी गेहूं की बोरियों पर नहीं डाली जा सकी। गनीमत यह रही कि करीब 10 मिनट के बाद बारिश थम गई।
यदि ज्यादा बारिश होती तो मंडियों में गेहूं भीगने से ज्यादा नुकसान होता। सुबह से दोपहर तक तेज धूप थी। परंतु शाम करीब चार बजे अचानक मौसम बदल गया और बादल छा गए। देखते ही देखते बारिश होने लगी। जिससे मौसम सुहावना हो गया। जिले की 13 मंडियों में अभी तक 168446 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हुई है। इसमें से 104087 एमटी (61.79 प्रतिशत) की उठान हो चुकी है। मंडियों में 64359 एमटी गेहूं बकाया है।
डीसी ने की खरीद व उठान की समीक्षा ः फसल खरीद व लिफ्टिंग प्रक्रिया की नियमित मॉनिटरिंग को लेकर डीसी पार्थ गुप्ता ने सभी एसडीएम व डीएफएससी के साथ सोमवार को समीक्षा बैठक की। डीसी ने खरीद एजेंसियों से जुड़े अधिकारियों को गेहूं खरीद के साथ ही लिफ्टिंग प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने अपने-अपने उपमंडलों में मंडियों का दौरा कर उठान प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा जिससे किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। संवाद