यमुनानगर। बारिश होने के बाद डेंगू, चिकनगुनिया व मलेरिया तेजी से फैलने लगता है। इसलिए जिला मलेरिया विभाग इन बीमारियों की रोकथाम के लिए अब गांवों में घर-घर जाकर मच्छरों की संख्या व प्रजाति का पता लगाने में जुटा है। मलेरिया विभाग की टीम घर-घर जाकर यह देख रही है कि वहां पर मच्छरों की संख्या कम है या ज्यादा। साथ ही यह भी आंकड़ा जुटाया जा रहा है कि कौन सी बीमारी फैलाने वाले मच्छरों की संख्या ज्यादा है। यह रिपोर्ट तैयार करने के बाद स्वास्थ्य विभाग उसी हिसाब से गांवों में बीमारियों से निपटने के इंतजाम करेगा। शुक्रवार से मलेरिया विभाग ने इस काम को शुरू कर दिया।
दरअसल स्वास्थ्य विभाग उन गांवों पर विशेष नजर रख रहा है जहां पर पिछले साल डेंगू के केस बहु ज्यादा मिले थे। इन गांवों के काफी लोगों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करना पड़ा था। अब इन गांवों में बीमारी न फैले इसके लिए मलेरिया विभाग ने वहां टीमें भेजी हैं। भूड़कलां, बूड़िया, नाचरौन, साढौरा, कलेसर, नागलपत्ती व प्रतापनगर समेत अन्य गांवों में टीमें जाकर मच्छरों की जांच करेंगी। विभाग की तरफ से टीमों को एस्पीरेटर दिए गए हैं। इस उपकरण की सहायता से मच्छरों को आसानी से पकड़ा जा सकता है। टीम यह देख रही है कि कौन से गांव में मच्छरों का घनत्व कितना है। साथ ही कौन सी बीमारी फैलाने वाले मच्छर ज्यादा संख्या में है।
-
लारवा जांच के लिए रखे ब्रीडर चेकर:
लोगों के घरों में डेंगू व मलेरिया फैलाने वाले मच्छरों का लारवा जांचने के लिए मलेरिया विभाग की तरफ से इस बार 40 ब्रीडर चेकर रखे गए हैं। यह घर-घर जाकर मच्छर के लारवा की जांच करते हैं। तीन दिन में करीब 200 जगहों पर मच्छरों का लारवा मिल चुका है। जहां पर लारवा मिलता है उन्हें नोटिस दिया जाता है। नोटिस अवधी खत्म होने के बाद दोबारा जांच करने पर यदि लारवा मिलता है तो विभाग चालान काट देता है।
-
बीमारी को काबू कर सकते हैं: सुशीला सैनी
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. सुशीला सैनी ने बताया कि जिन गांवों में पिछले साल डेंगू ज्यादा फैला था वहां पर विशेष नजर रखी जाती है। अब टीमें इन गांवों में जाकर मच्छरों की संख्या व प्रजाति का डाटा तैयार कर रही है। इससे बीमारी पर काबू पाने में मदद मिलती है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि यदि उनके आसपास गड्ढों व प्लॉटों में बारिश का पानी भरा रहता है तो वहां पर काले तेल का छिड़काव करें ताकि उसमें मच्छर का लारवा न पनप पाए।