संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। बिहार के युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना सोमवार सुबह की है। मृतक की पहचान 36 वर्षीय राजेश चौधरी निवासी बरूही, जिला भोजपुर (बिहार) के रूप में हुई है। यह कदम उठाने से पहले उसने शराब के लिए पैसे न देने पर अपनी पत्नी के साथ मारपीट की, जिसके बाद पत्नी बच्चों को लेकर बाहर चली गई।
ऐसे में पीछे से व्यक्ति ने उसकी ही चुन्नी से फंदा बनाकर सुसाइड कर लिया। आस पड़ोस के लोगों ने लोगों ने देखा तो तुरंत उसकी पत्नी को फोन करके वापिस बुलाया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव काे कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम कराया।
राजेश यमुनानगर में गांव जोड़ियों स्थित एक किराये के मकान में पत्नी व दो बच्चों के साथ रहता था ओर प्लाइवुड फैक्ट्री में काम करता था। परिजनों के मुताबिक वह शराब पीने का आदी था और शराब पीकर अक्सर पत्नी के साथ मारपीट किया करता था। मृतक की पत्नी रिंकी ने बताया कि वे तीन माह पहले मार्च में बिहार से यमुनानगर काम करने के लिए आए थे।
रविवार की सुबह उसकी तबीयत काफी खराब हो गई थी। ऐसे में उसका पति राजेश उसे अस्पताल ले गया। वहां से चार बजे छुट्टी मिली, जिसके बाद वे कमरे पर लौटे। यहां पर उसके पति ने शराब के नशे में उसके साथ काफी मारपीट की। मारपीट से उसकी तबीयत और ज्यादा बिगड़ गई, जिस पर उसे फिर से अस्पताल ले जाया गया।
डॉक्टर ने दवा देकर घर भेजा। घर आकर उसके साथ काफी झगड़ा किया और फिर से उसे मारा। वह बीमार थी फिर भी उसे जबरदस्ती मछली बनाने के लिए कहा। उसके बाद शराब पीकर सो गया और आज सोमवार की सुबह जल्दी घर से बाहर निकल गया और शराब पीकर वापिस आया। घर आते उससे और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा। जब बताया कि उसके पास पैसा नहीं है तो उसके बाद फिर से मारपीट की।
जांच अधिकारी शुभम सिंह ने बताया उन्हें सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ने घर पर फांसी लगा ली है। मौके पर जाकर देखा ताे शव फंदे से उतारा हुआ था। परिजनों ने बताया कि मृतक शराब पीने का आदी था और आज सुबह शराब पीकर पत्नी के साथ मारपीट की थी। उन्होंने शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच की जा रही है।