संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। जिले में सोमवार को गो सम्मान अभियान के तहत विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संगठनों ने गो संरक्षण को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों ने जिला प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में गाय को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग की गई। इस दौरान लोगों ने जिला सचिवालय में हनुमान चालीसा का पाठ किया।
अभियान संयोजक नानक चंद वैद्य के नेतृत्व में गो सेवक जिला सचिवालय पहुंचे और प्रशासन को मांगों से अवगत करवाया। इस दौरान श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के रघुनंदन भारद्वाज, गोरक्षा दल, सनातन टास्क फोर्स सहित कई अन्य संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी अलग-अलग ज्ञापन दिए।
ज्ञापन में मांग की गई कि देश में गोवंश का संरक्षण सुनिश्चित किया जाए और गो-हत्या पर कानूनी कार्रवाई लागू की जाए। सरकार से गोशालाओं के लिए आर्थिक सहायता बढ़ाने, बेसहारा गायों के संरक्षण की ठोस व्यवस्था करने और किसानों को गाय पालन के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की। इसके अलावा गौ रक्षा के लिए विशेष फोर्स के गठन की भी मांग की।
महंत शिव प्रकाश चैतन्य महाराज ने कहा कि गाय का धार्मिक, सांस्कृतिक और आर्थिक दृष्टि से देश में विशेष महत्व है। इस दौरान जिला संघ चालक सेवाराम, पंडित उदयवीर शास्त्री, वीरेंद्र त्यागी, सुधीर पांडे, राकेश त्यागी, अधिवक्ता अजय, योगेश राणा सहित अन्य उपस्थित रहे।