संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। कस्बा सरस्वतीनगर निवासी गुरदीप सिंह ने 33वीं हरियाणा मास्टर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में तीन स्वर्ण पदक जीत जिले के नाम रोशन किया। यह प्रतियोगिता हरियाणा मास्टर एथलेटिक्स एसोसिएशन की ओर से कृषि विश्वविद्यालय हिसार में कराई गई।
प्रतियोगिता में गुरदीप सिंह ने ऊंची कूद, भाला फेंक व गोला फेंक प्रतिस्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किए। मुख्य अतिथि के रूप में विधानसभा नलवा के विधायक रणधीर परिहार ने गुरदीप सिंह को स्मृति चिह्न व स्वर्ण पदक देकर सम्मानित किया। इससे पहले भी गुरदीप सिंह अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल कर चुके हैं।
इसके अलावा वह बास्केटबॉल खेल स्पर्धा में भी कई पदक जीत चुके हैं। अब प्रदेश स्तर पर प्रतियोगिता में तीन स्वर्ण पदक गांव सरस्वती नगर में पहुंचने पर जीवन ज्योति संस्था की ओर से उनका फूल मालाओं से स्वागत किया गया। मौके पर जीवन ज्योति संस्था सचिव राजकमल, रमेश चौहान, राजू बिंद्रा, डॉ. कुलविंद्र, सरपंच प्रतिनिधि डॉ. रवि, केपी चैहल नमदारपुर, राजेंद्र कुमार मौजूद रहे।