संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापनगर। तिहमो गांव में शनिवार शाम बिजली गिरने से भारी भरकम पेड़ में आग लग गई। बिजली गिरने से दर्जनों पक्षी भी जिंदा जल गए। घटना के बाद से ग्रामीण काफी सहमे हुए हैं।
गांव के डॉ. चरणजीत सिंह, अमरजीत सिंह, विकास कुमार, विक्रम सिंह, अवतार सिंह ने बताया कि शनिवार शाम करीब पांच बजे अचानक मौसम बदल गया। घने बादल छा गए और गरजने लगे। इस दौरान तेज बिजली कड़कती रही। इस बीच बिजली की गरज के साथ जोरदार धमाके की आवाज सुनकर ग्रामीण घरों से बाहर निकले। बाहर निकलते ही देखा तो गांव के पास खेत में लगे सीरस के पेड़ से आग की लपटे उठ रही हैं।
ग्रामीणों ने पेड़ के पास जाकर देखा तो वहां पर कई पक्षी भी मरे पड़े थे। उन्होंने बताया कि हरे पेड़ में लगी आग को देखने के लिए काफी ग्रामीण एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने आग को बुझाने का काफी प्रयास किया। पेड़ खेत के पास लगा हुआ था और खेत में गेहूं लगी हुई थी। ऐसे में ग्रामीणों को खेत में आग लगने का डर था, लेकिन काफी ऊंचाई पर आग लगे होने के कारण ग्रामीण इस काबू पाने में नाकामयाब रहे। उन्होंने बताया कि दो घंटे बाद आग पर मशक्कत से काबू पाया जा सका।