संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 12वीं कक्षा की मंगलवार को हिंदी विषय की परीक्षा हुई। परीक्षा जिले के कुल 52 केंद्रों पर शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। परीक्षा को लेकर सभी केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े प्रबंध थे। आसान प्रश्न पत्र ने विद्यार्थियों की खुशी बढ़ा दी। विद्यार्थियों ने बताया कि व्याकरण थोड़ी मुश्किल थी।
रीक्षा सायंकालीन सत्र में दोपहर साढ़े 12 से साढ़े तीन बजे तक हुई। परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों में सुबह बिल्कुल भी तनाव नहीं था। परीक्षा के लिए विद्यार्थी समय से पहले केंद्रों के बाहर पहुंच गए थे। विद्यार्थियों ने सबसे पहले अपना अनुक्रमांक देखा और कक्ष की जानकारी ली। परीक्षा के बाद सभी विद्यार्थी खिलखिलाते हुए बाहर निकले। सभी केंद्रों पर चाक-चौकस सुरक्षा व्यवस्था रही और बाहर पुलिस बल तैनात रहा।
किसी भी व्यक्ति को केंद्र के बाहर खड़े नहीं होने दिया गया। परीक्षा केंद्रों पर उड़नदस्तों ने जांच की। बोर्ड उड़नदस्त के अधीक्षक व जिला समन्वयक ओपी वर्मा ने बताया कि सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। किसी केंद्र पर उपद्रव व नकल संबंधी कोई मामला नहीं मिला। नकल रहित परीक्षा करवाने को लेकर सभी प्रबंध किए हैं।
देव ने बताया कि हिंदी की परीक्षा को लेकर किसी प्रकार का कोई तनाव नहीं था। हिंदी में मात्रा, पाई इत्यादि सबसे ज्यादा परेशानी करती है। परीक्षा में पहुंचे तो प्रश्न पत्र भी आसान मिला आसान प्रश्न पत्र होने से परीक्षा काफी अच्छी हुई है।
शुभम ने बताया कि हिंदी अन्य विषयों की अपेक्षा काफी आसान विषय है। प्रश्न पत्र काफी लंबा था। इसके उत्तर लिखने में बहुत समय लगा। परीक्षा के दौरान समय प्रबंधन बेहद जरूरी था। ऐसे में उत्तर लिखने में हाथ तेज चलाना पड़ा।
देवांग ने बताया कि बताया कि प्रश्नपत्र आसान था। सभी प्रश्न पाठ्यक्रम से पूछे गए थे। सभी कोड में प्रश्न एक समान थे, लेकिन क्रमांक अलग-अलग था। आसान प्रश्न पत्र आने से सभी परीक्षा अच्छी हुई, जिससे विद्यार्थियों में खुशी है।
बिपिन ने बताया कि परीक्षा को लेकर अच्छी तैयारी की थी। व्याकरण थोड़ी मुश्किल थी। इसके उत्तर देने में विद्यार्थियों को समय लगा। इसके अलावा पूरा प्रश्न पत्र आसान था। एक नहीं सभी चारों कोड आसान थे, जिससे सभी की परीक्षा अच्छी हुई।