नारायणगढ़ के सामुदायिक केंद्र में बैठक के दौरान यूनियन पदाधिकारी व सदस्य। प्रवक्ता
नारायणगढ़। सेंटर आफ इंडियन ट्रेड यूनियन- सीटू से संबद्ध ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन की आम सभा सामुदायिक केंद्र में हुई। प्रधान निर्मल सिंह ने बैठक का नेतृत्व और संचालन जिला सचिव रोहताश ने किया। बैठक को ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन के राज्य प्रधान बसाऊ राम व हरियाणा ग्रामीण चौकीदार सभा के राज्य उप प्रधान बाबू राम संबोधित किया।
कर्मचारी नेताओं ने कहा कि पंजाब व हरियाणा उच्च न्यायालय ने 31 दिसंबर 2025 को कच्चे कर्मचारियों की सेवाएं रेगुलर करने का अहम फैसला दिया है। इसमें न्यायालय ने जहां साल 1993, 1996, 2003 व 2006 की नियमितीकरण योजना के तहत कच्चे कर्मियों की सेवाएं नियमित करने के आदेश दिए गए हैं, वहीं इसमें दस साल की सेवा पूरी करने वाले सभी कच्चे कर्मियों की सेवाएं नियमित करने का भी स्पष्ट उल्लेख किया गया है। कोर्ट का यह फैसला स्वागत योग्य है। इसलिए इसको जल्द लागू करवाने के लिए 19 जनवरी को ग्रामीण सफाई कर्मी, चौकीदार व वन मजदूर समेत सभी विभागों में काम करने वाले कच्चे कर्मचारी मिलकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन उपायुक्त महोदय अंबाला को देंगे। संवाद