संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। सोने के दामों में लगातार उतार-चढ़ाव चल रहा है। वहीं शादियों का सीजन भी शुरू हो चुका है। ऐसे में खरीदारों की सराफा दुकानों पर अच्छी खासी भीड़ देखने को मिल रही। सोने के दाम 1.15 लाख तक पहुंच चुके हैं। ऐसे में दुकानदारों को कारोबार बढ़ने की उम्मीद बंधी है।
हालांकि कुछ लोगों ने आगामी समारोह के लिए सोने की खरीदारी भी शुरू की है। कंगन, चेन, अंगूठी और सोने के टॉप्स आदि खरीदे जा रहे हैं, वहीं हीरे जड़ित गहनों की मांग भी अब बढ़ने लगी है। सोने में लगातार वृद्धि न होने के चलते दिवाली पर कारोबार नहीं हो पाया। अधिकांश लोगों ने धनतेरस के मौके पर बर्तन सहित अन्य सामान खरीदकर मां लक्ष्मी का आशीर्वाद प्राप्त किया।
अब दाम लगातार कम होने से सराफा कारोबारियों को उम्मीद है कि सोने के रेट पुनः उसी स्थिति में पहुंच जाएंगे, जहां से इसमें वृद्धि हुई थी और इससे कारोबार एक बार फिर ऊंचाइयां छुएगा। लेकिन, सराफा व्यापारियों को उम्मीद है कि सोने के भाव कुछ और कम होंगे, इससे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। पिछले कुछ दिनों से चल रहे उतार-चढ़ाव को लेकर आकलन किया जा सकता है।
सोने के दाम कुछ कम तो हुए हैं, लेकिन जितनी उम्मीद थी, अब उस स्तर पर नहीं पहुंचे हैं। दाम कम होने से कुछ ग्राहक अब दुकानों पर आ रहे हैं और जरूरत अनुसार सामान की खरीदारी कर रहे हैं। - चरणजीत सत्यम, सत्यम ज्वेलर्स।
सोने के दाम अभी भी मध्यम वर्गीय लोगों के लिए अधिक हैं। पिछले दिनों से माम कम होने से नौकरी पेशा वाले लोग शादी के लिए जरूरी गहनों की खरीदारी कर रहे हैं, बावजूद इसके अभी खुलकर कारोबार शुरू नहीं हो पाया है। -दर्शन लाल, दर्शन ज्वेलर्स।