संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। सोने और चांदी की रिकॉर्ड ऊंचाई के बाद अब इनमें आई तेज गिरावट ने आम लोगों से लेकर कारोबारियों तक को दुविधा में डाल दिया है। बीते तीन-चार दिनों में ही चांदी की कीमत में करीब एक लाख 65 हजार रुपये तक की गिरावट दर्ज की गई है, जबकि 24 कैरेट सोना करीब 32 हजार रुपये तक सस्ता हो गया है।
अब खरीदार यह तय नहीं कर पा रहे हैं कि अभी खरीदारी करें या फिर कीमतों के और नीचे आने का इंतजार करें। इसका सीधा असर सर्राफा बाजार की रफ्तार पर पड़ रहा है। जिले में सराफा की छोटी-बड़ी करीब 410 दुकानें हैं। कारोबारियों का कहना है कि 24 कैरेट सोना 1.90 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 4.20 लाख रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई थी।
जब यह रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा था, तब केवल वही लोग खरीदारी के लिए आगे आए जिनके घरों में शादी या अन्य पारिवारिक कार्यक्रम तय थे। मजबूरी में की गई इस खरीदारी से आमजन की जेब पर भारी बोझ पड़ा। अब जबकि कीमतों में गिरावट आई है, लोग जल्दबाजी में कोई फैसला नहीं लेना चाहते और बाजार में खरीदारी को फिलहाल होल्ड कर दिया गया है।
सोमवार को जिले में सोने का रेट 1.58 लाख रुपये और चांदी का 2.55 लाख रुपये पर पहुंच गया। 30 जनवरी से शादियों के शुभ मुहूर्त शुरू हो चुके हैं, जो होली तक रहेंगे। फरवरी माह में ही 14 से 15 शुभ मुहूर्त हैं। आमतौर पर यह समय सर्राफा बाजार के लिए सबसे व्यस्त माना जाता है, लेकिन इस बार हालात उलट हैं। कीमतों में उतार-चढ़ाव के चलते लोग खरीदारी टाल रहे हैं। अधिकांश ग्राहक सिर्फ जानकारी लेकर लौट रहे हैं और अंतिम फैसला बाद में लेने की बात कह रहे हैं।
एडवांस बुकिंग से बच रहे सराफ : गुलशन
ज्वेलर्स एसोसिएशन के प्रवक्ता गुलशन करवल का कहना है कि इस स्थिति से सराफ भी असमंजस में हैं। वे यह तय नहीं कर पा रहे कि मौजूदा रेट पर ग्राहकों से एडवांस लिया जाए या नहीं। अगर अभी एडवांस लेकर बुकिंग कर ली गई और आने वाले दिनों में कीमतों में फिर से उछाल आ गया, तो उन्हें नुकसान उठाना पड़ सकता है। वहीं अगर कीमतें और नीचे गईं तो ग्राहक भी इंतजार करना ही बेहतर समझेंगे। बाजार में इस समय इंतजार का माहौल है। लोग उम्मीद कर रहे हैं कि कीमतें और गिरेंगी, ताकि कम दाम में गहने खरीदे जा सकें। हालांकि कारोबारियों का मानना है कि अगर गिरावट का यह दौर ज्यादा लंबा नहीं चला और कीमतों में फिर से तेजी आई, तो देर करने वाले खरीदारों को पछताना भी पड़ सकता है।