संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। गुरु नानक गर्ल्स कॉलेज को उच्च शिक्षा विभाग की ओर से वन डिस्ट्रिक्ट वन ग्रीन चैंपियन के खिताब से नवाजा गया है। महात्मा गांधी नेशनल काउंसिल फॉर रुरल एजुकेशन की ओर से आयोजित अवार्ड कार्यक्रम में करीब एक हजार उच्च शिक्षण संस्थानों ने हिस्सा लिया।
स्वच्छता, शिक्षण में योगदान तथा स्वच्छता अभियान 2020-21 में बेहतरीन भागीदारी के यह अवार्ड जीएनजी कॉलेज को दिया गया है। यह अवार्ड परिसर की हरियाली, साफ-सफाई, रख-रखाव, पौधरोपण, स्वच्छ संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए किए जाने वाले कार्यक्रमों के मद्देनजर दिया जाता है। कॉलेज की इस उपलब्धि के लिए कॉलेज निदेशक डॉ. वरिंद्र गांधी और प्रिंसिपल डॉ. अनु अत्रेजा ने एसएपी कमेटी की कोआर्डिनेटर पूनम सैनी व उनकी टीम को बधाई दी।
इस दौरान डॉ. वरिंद्र गांधी ने कहा कि जीएनजी का मिशन ही नैतिक मूल्य आधारित तथा वैश्विक रूप से बेहतरीन शिक्षा प्रदान करना है। प्राचार्या डॉ. अनु अत्रेजा ने कहा कि संस्था की विशेषता ही यही है कि छात्राओं को हरित कार्यक्रमों, साफ-सफाई अभियान तथा गांव के कार्यक्रमों में शामिल होने के अधिकतम अवसर दिए जाते हैं।
पूनम सैनी ने बताया कि इस अवार्ड के लिए शिक्षा मंत्रालय ने कॉलेज को कई तथ्यों पर आंका, जिसमें स्वच्छता और जल शक्ति, हरियाली, कैंपस बायो पेस्टी साइड का प्रयोग, पानी सप्लाई, परिसर स्वच्छता, कूड़ा प्रबंधन, निस्तारण प्रबंध और सूख व गीला कचरा प्रबंधन के लिए प्रयोग तकनीक, वाटर स्टोरेज आदि शामिल रहे। इस उपलब्धि में आईक्यूएसी कोआर्डिनेटर डॉ. नीना गोयल और एसएपी टीम सदस्य डॉ. गुरिंद्रजीत कौर, तरनदीप कौर, सीमा शर्मा, भारती कांबोज, दीपिका रानी, डॉ. प्रभजोत कौर, डॉ. मनदीप कौर, डॉ. अमिता रेड्डू, डॉ. अनुभा जैन और डॉ. दर्शन लाल सहित अन्य का सहयोग रहा।