हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे पिंजौर के कांवडियों की कार के डंडों से शीशे तोड़ दिए गए। मामला बुधवार रात थाना सदर जगाधरी के अंतर्गत हरनौली गांव में हुआ। पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। दरअसल, हरनौली में कांवड़िये पेट्रोल पंप पर रुके थे। आरोप है कि इसी दौरान यहां तीन-चार लोग कांवडियों की कार के बोनेट पर शराब रख पीने लगे।
कांवड़ियों ने कार के पास गंगाजल होने की बात कहकर उन्हें शराब दूर रखने के लिए कहा, पर उक्त लोग धमकी देकर चले गए। बाद में वापस आकर कांवड़ियों की कार के शीशे तोड़ गए। बाद में सूचना पर पुलिस ने कांवडियों के ब्यान लेकर कार्रवाई शुरू कर दी।
पिंजौर के करण ने बताया कि हरिद्वार से कांवड़ में गंगाजल लेकर बुधवार रात वापसी में गांव हरनौली के पेट्रोल पंप पर रुक गए। यहां खाना बनाने व खाने की तैयारी थी, तभी यहां तीन-चार लोग शराब पी रहे थे। इन लोगों ने उनकी कार के बोनट पर शराब की बोतल रख दी। ये देख उन्हें बताया कि कार के पास गंगाजल है, इसलिए शराब दूर रखें। पहले तो उक्त लोग यह बात मान गए, पर बाद में उन्हें आकर धमकाने लगे। धमकी दी कि अभी यहीं रूको, अभी वापस आकर बताते हैं कि हम कौन है। इन लोगों के जाते ही डायल-112 पर सूचना दी।
डायल-112 की गाड़ी आई, जिसमें आए पुलिस कर्मियों से कहा कि कुछ देर यहीं रूक जाए, पर पुलिस कर्मी नहीं रुके। इसके बाद धमकी देकर गए अपनी कार में लौटे। उनके हाथों में डंडे थे, जिन्हें देख पेट्रोल पंप के पीछे भाग जान बचाई। तब उक्त लोगों ने उनकी कार के डंडे मार शीशे तोड़ दिए। इसके बाद मौके से फरार हो गए। इसकी सूचना पुलिस को दी। कांवडियों ने आरोप लगाया कि डायल-112 की टीम ने सही कार्रवाई नहीं की। टीम कुछ देर उनके पास रुकती तो आरोपी कार के शीशे न तोड़ पाते और पकड़े भी जाते।
अधिकारी के अनुसार
सूचना पर डायल-122 की टीम पहुंची थी। कांवड़ियों से कहा गया कि कुछ दूरी पर कांवड़ शिविर लगा है, वहां रुक जाएं। इसके बाद कांवड़ियों की कार के शीशे तोड़ने की घटना हुई। सूचना पर तुरंत पहुंचे और कांवड़ियों के ब्यान लिए। मामले में नियमानुसार कार्रवाई करेंगे। सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की तलाश की जाएगी।
-तरसेम, प्रभारी, थाना सदर जगाधरी।