साढौरा। कस्बे में पिछले कुछ दिनों से बाइक सवार युवकों का हुड़दंग लोगों के लिए सिरदर्द बनता जा रहा है। आरोप है कि कई युवक गलियों और बाजार में ट्रिपल राइडिंग करते हुए तेज रफ्तार से बाइक दौड़ाते हैं और तेज आवाज में हॉर्न बजाते हुए हूटिंग करते हुए निकलते हैं।
खासकर स्कूलों की छुट्टी के समय उनकी यह हरकतें राहगीरों और छात्रों के लिए खतरा बन रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन युवकों की वजह से किसी भी समय हादसा हो सकता है।
कई बाइक पर नंबर प्लेट तक नहीं लिखी होती, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो जाता है। शिवदेव वर्मा, अमृत अग्रवाल और अधिवक्ता महावीर सिंह सेठी ने बताया कि कोचिंग सेंटर और शिक्षण संस्थानों के आसपास शरारती युवकों का जमावड़ा लगने से लड़कियों का वहां से गुजरना भी मुश्किल हो गया है। नौशहरा गांव के रिटायर्ड सैनिक नसीब सिंह ने बताया कि नौशहरा मार्ग पर भी रोजाना कई युवक तेज गति से बाइक दौड़ाते हुए निकलते हैं, लेकिन उन पर अंकुश लगाने के लिए ठोस कदम नजर नहीं आ रहे। एसएचओ मनजीत का कहना है कि पुलिस बाजार और शिक्षण संस्थानों के आसपास नियमित गश्त कर रही है और हुड़दंग मचाने वालों पर नजर रखी जा रही है। ऐसे युवकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। संवाद