संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। गंगा दशहरा इस बार पांच जून को है। इस पर्व पर काफी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार में गंगा दर्शन व स्नान के लिए जाते हैं, इस अवसर को भुनाने के लिए परिवहन विभाग की ओर से हरिद्वार के लिए बस सेवा में विस्तार किया जा रहा है। अभी रूट पर बसों के फेरे बढ़ाने लिए जा रहे हैं।
यमुनानगर से हरिद्वार की दूरी करीब 130 किमी है। जिले से काफी संख्या में लोग गंगा दशहरा पर हरिद्वार गंगा स्नान के लिए जाते हैं। इनमें काफी श्रद्धालु हरियाणा रोडवेज की बसों का सहारा लेते हैं। ये देख रोडवेज अफसरों की ओर से समय रहते हरिद्वार रूट पर बस सेवा में विस्तार की तैयारी है। इसके तहत परमिट लेने से लेकर अन्य औपचारिकताएं पूरी की जा रही है, जिससे गंगा दशहरा पर श्रद्धालुओं का हरिद्वार जाना व लौटना सुगम हो पाए।
यमुनानगर से हरिद्वार की 18 बसें
यमुनानगर बस स्टैंड से हरिद्वार के लिए पहली बस सुबह 5.00 बजे हैं। इसके बाद 6.40, 7.30, 8.00, 8.40, 9.40, 10.10, 10.40, 11.00, दोपहर 12.30, 1.00, 1.50, 2.00, 2.50, शाम 4.00, 4.30, 5.00, 5.30 बजे आखिरी बस है। इनमें सुबह 5.00, 6.00 की बस यमुनानगर डिपो की है, वहीं बाकी बसें अन्य डिपो की हैं।
प्रयास है कि रूटों पर मांग मुताबिक बस सेवा रहे, जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। -संजय रावल, महाप्रबंधक, यमुनानगर डिपो।