संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। नगर निगम के मुख्य सफाई निरीक्षक अनिल नैन ने सोमवार को वार्ड नंबर 16 व 15 का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वार्ड 16 में सफाई दरोगा समेत 11 सफाई कर्मचारी अनुपस्थित मिले। उन्होंने सभी का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश जारी किए।
पदभार संभालने के बाद मुख्य सफाई निरीक्षक अनिल नैन सोमवार सुबह सफाई व्यवस्था व हाजिरी जांच अचानक वार्ड नंबर 16 के जोगिंद्र नगर स्थित स्वर्ण जयंती पार्क पहुंचे। कुछ माह पहले पार्क के दीवार के पास बने जिस कचरा प्वाइंट पर बंद कराया गया था, वहां कचरे के ढेर मिले। मुख्य सफाई निरीक्षक नैन ने यहां वार्ड 16 में तैनात सफाई कर्मचारियों की हाजिरी ली।
इस दौरान यहां सफाई दरोगा समेत 11 कर्मचारी अनुपस्थित मिले। उन्होंने मौके पर ही सफाई दरोगा समेत सभी 11 कर्मचारियों की रजिस्टर में गैर हाजिरी लगाई और उनका एक दिन का वेतन काटने के निर्देश जारी किए।औचक निरीक्षण के बाद मुख्य सफाई निरीक्षक अनिल नैन ने अपने कार्यालय में सफाई दरोगाओं की बैठक ली।
बैठक से पूर्व सफाई दरोगाओं ने पुष्प गुच्छ देकर मुख्य सफाई निरीक्षक नैन का अभिनंदन किया। बैठक में मुख्य सफाई निरीक्षक नैन ने सभी दरोगाओं ने वार्ड वाइज सफाई संबंधित रिपोर्ट मांगी। इस दौरान सभी दरोगाओं ने अपने अपने क्षेत्र की रिपोर्ट दी। इस दौरान एक सफाई दरोगा की रिपोर्ट संतोषजनक नहीं मिली। इस पर मुख्य सफाई निरीक्षक ने उसके खिलाफ नोटिस जारी किए।