यमुनानगर। शिक्षा विभाग की ओर से शुक्रवार को बुनियाद लेवल-2 का टेस्ट लिया गया। इसके लिए जिले में दो केंद्रों पर 726 परीक्षार्थियों को पहुंचाना था, पर 636 ही उपस्थित रहे और 90 गैरहाजिर रहे। दोपहर 12 से दो बजे तक दोनों केंद्रों पर टेस्ट शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।
बता दें कि यह टेस्ट पहले 25 अगस्त को लिया जाना था, पर विभाग की ओर से इसका शेड्यूल बदल दिया गया। जिसके बाद शुक्रवार को टेस्ट के लिए जगाधरी व बिलासपुर के राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों में बने केंद्रों पर टेस्ट लिया गया। टेस्ट के लिए नोडल अधिकारी बनाए जिला विज्ञान विशेषज्ञ विशाल सिंघल ने बताया कि जगाधरी में बने केंद्र पर 377 परीक्षार्थियों ने टेस्ट देना था, पर 331 की ही उपस्थिति दर्ज की गई और 46 गैरहाजिर रहे। इसी तरह बिलासपुर में बने केंद्र पर 349 परीक्षार्थियों ने टेस्ट देना था, पर 305 ही उपस्थित रहे और 44 गैरहाजिर रहे।
ये है बुनियाद कार्यक्रम
बुनियाद कार्यक्रम सुपर-100 की तर्ज पर है। इसमें 11वीं व 12वीं के विद्यार्थियों को संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई) व राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) की ऑफलाइन फ्री कोचिंग प्रदेशभर के चार सेंटरों पर दी जा रही है, पर बुनियाद कार्यक्रम के तहत अपने जिले में ही 9वीं कक्षा में पढ़ रहे विद्यार्थियों को ऑनलाइन फ्री कोचिंग दी जाएगी। बुनियाद कार्यक्रम के तहत परीक्षा में छठी से आठवीं कक्षा तक का पाठ्यक्रम समायोजित किया गया। इसके अलावा मेंटल एप्टीट्यूड यानी मानसिक योग्यता चेक करने वाले प्रश्न आए। जिन्हें पास करने वाले विद्यार्थी एनटीएसई की फ्री कोचिंग ले सकेंगे। चयनित विद्यार्थियों को 40-40 के तीन बैच बनाकर सप्ताह में दो दिन फ्री कोचिंग दी जाएगी। इसमें एनटीएसई के साथ अन्य छात्रवृति परीक्षाओं की भी फ्री कोचिंग दी जाएगी।