संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ रविवार को यूपीएचसी गांधी नगर से विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने किया। उन्होंने कार्यवाहक सिविल सर्जन डॉ. दिव्या मंगला, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. पुनित कालड़ा और उप-सिविल सर्जन डॉ. चारू कालड़ा की मौजूदगी में बच्चों को पोलियो वैक्सीन पिलाकर की शुरुआत कराई।
अभियान के तहत जिले में शून्य से पांच वर्ष तक के करीब 1.20 लाख बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. पुनित कालड़ा ने बताया कि जिलेभर में 1084 बूथ स्थापित किए गए हैं, जहां बच्चों को पोलियो की खुराक दी जा रही है। अभियान के दूसरे और तीसरे दिन 29 व 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को दवा पिलाएंगी, जो किसी कारणवश बूथों तक नहीं पहुंच सके हैं।
झुग्गी-झोपड़ियों, निर्माण स्थलों, ईंट-भट्ठों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए 44 मोबाइल टीमें गठित की गई हैं। इसके अलावा बस अड्डों, रेलवे स्टेशन और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर विशेष ट्रांजिट टीमें तैनात की गई हैं।
विधायक अरोड़ा ने कहा कि भारत वर्ष 2011 से पोलियो मुक्त है और तब से देश में पोलियो का कोई मामला सामने नहीं आया है। हालांकि पड़ोसी देशों पाकिस्तान और अफगानिस्तान में अब भी पोलियो के मामले मिल रहे हैं, इसलिए सतर्क रहना और प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक दिलाना आवश्यक है।