यमुनानगर। सदर थाना क्षेत्र के पांसरा के किसान ने अपने दोस्त पर उधार ट्रैक्टर मांगकर कब्जा कर अमानत में खयानत का आरोप लगाया है। आरोप है कि आरोपी कुछ दिन के लिए उधार ट्रैक्टर मांग कर ले गया था लेकिन लौटाने के बजाए उसे अपना बताते हुए कब्जा ही कर लिया। अदालत के आदेश पर सदर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पांसरा गांव निवासी संजीव कुमार ने बताया कि उसकी दोस्ती जितेंद्र नाम के व्यक्ति से थी। उसका परिवार में काफी आना-जाना था। इसी दौरान जितेंद्र ने एक दिन उससे 34 हजार रुपये उधार मांगे, तो उसने 13 अगस्त 2021 को उसे ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। जितेंद्र ने कहा कि वह जल्द ही लौटा देगा, लेकिन आरोपी ने वह रुपये नहीं लौटाए। इसके बाद जितेंद्र ने खेती की जरूरत के लिए कुछ दिन के लिए ट्रैक्टर मांगा, जो उसने लोन पर ले रखा है। उसने दोस्ती के कारण आरोपी को अपना ट्रैक्टर भी दे दिया। काफी दिन बीतने पर जब जितेंद्र उसका ट्रैक्टर वापस लेकर नहीं आया तो उसने उससे अपना ट्रैक्टर वापस मांगा, लेकिन जितेंद्र ने ट्रैक्टर लौटाने से मना कर दिया। दबाव बनाने पर आरोपी ने उसे धमकी दी कि यदि ट्रैक्टर मांगा तो उसका अपहरण करवा देगा। संजीव ने इसकी शिकायत पुलिस को दी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। जिसके बाद उसने अदालत में याचिका दायर की। अदालत के आदेश पर सदर थाना पुलिस ने आरोपी जितेंद्र पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।