विश्वकर्मा मोहल्ला निवासी रेणु मलिक को सरकारी नौकरी दिलवाने के नाम पर दंपती ने दो लाख रुपये ठग लिए। नौकरी न लगने पर जब युवती ने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने उसे धमकाया। पीड़ित ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने पीड़ित युवती की शिकायत पर आरोपी दंपती के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
विश्वकर्मा मोहल्ला निवासी रेणु मलिक ने शहर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पढ़ाई पूरी करने के बाद रोजगार की तलाश में थी। इस दौरान उसकी मुलाकात प्रोफेसर कॉलोनी निवासी अमित एरी व उसकी पत्नी शिवानी के साथ हुई। आरोपियों ने उसे बताया कि उनकी बड़े लोगों के साथ जान पहचान है। वह उसे सरकारी नौकरी दिलवा देंगे। इस दौरान आरोपी में उसे सरकारी नौकरी दिलवाने के नाम पर दो लाख रुपये मांगे। पीड़िता ने बताया कि उसने आरोपियों को उक्त पैसे दे दिए मगर इसके बाद भी आरोपियों ने उसे नौकरी नहीं दिलवाई । जब उसने आरोपियों से बात की तो उन्होंने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। जांच अधिकारी एएसआई गुरुदयाल का कहना है कि मामले की जांच कर रहे है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।