संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। मामा ने उसके भांजे को आस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर 18 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी है। गांव नगली निवासी प्रवीण कुमार की शिकायत पर व्यासपुर थाना पुलिस ने करनाल जिले के गांव बल्ला निवासी साहिल मान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस को दी शिकायत में प्रवीण कुमार ने बताया कि उनका भांजा मयंक विदेश जाना चाहता था। इसी दौरान उसकी आरोपी साहिल मान से बातचीत हुई। आरोप है कि साहिल ने मयंक को आस्ट्रेलिया भेजने की बात कही और इसके लिए प्रक्रिया पूरी कराने का भरोसा दिया। आरोपी की बातों पर विश्वास करते हुए प्रवीण कुमार ने उसे करीब 18 लाख रुपये दे दिए।
शिकायतकर्ता के अनुसार रकम लेने के बाद आरोपी ने मयंक को विदेश भेजने की प्रक्रिया पूरी नहीं की। जिसके बाद भी मयंक नहीं जा सका तो प्रवीण ने आरोपी से अपनी रकम वापस मांगी। आरोप है कि आरोपी ने रकम लौटाने से भी इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस को दी।
शिकायत में घटना की अवधि 21 अगस्त 2025 से 12 जून तक बताई गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रवक्ता चमकौर सिंह ने बताया कि लेनदेन से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जांच के दौरान यह भी पता लगाया जाएगा कि विदेश भेजने के नाम पर आरोपी ने किसी अन्य से भी रकम ली है या नहीं।
आरोपी ने बाद में यूके भेजने का दिया झांसा
विदेश भेजने के नाम पर 18 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी ने पहले मयंक को ऑस्ट्रेलिया भेजने का झांसा दिया और इसके लिए उसका मेडिकल कराया। बाद में ऑस्ट्रेलिया भेजने की बात बदलकर यूके भेजने का भरोसा दिया गया। इसके लिए भी मयंक का दोबारा मेडिकल कराया गया। शिकायत के अनुसार इसके बावजूद आरोपी ने मयंक को यूके नहीं भेजा।