संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। साइबर अपराधियों ने ऑनलाइन गेमिंग एप के जरिए मुनाफा कमाने का झांसा देकर एक युवती से 1.58 लाख रुपये की ठगी कर ली। मामले का खुलासा तब हुआ जब युवती को न तो निवेश की रकम वापस मिली और न ही किसी तरह का लाभ। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने अज्ञात खिलाफ धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव तिगरा निवासी मित्रपाल ने बताया कि उनकी बेटी खुशी आठ जून को अपने मोबाइल फोन पर गेम खेल रही थी। इसी दौरान उसके मोबाइल पर एक लिंक के साथ संदेश आया। जिज्ञासावश लिंक खोलने पर वह एक ऑनलाइन ग्रुप से जुड़ गई, जहां गेमिंग एप के माध्यम से कम समय में अधिक कमाई करने के दावे किए जा रहे थे।
शिकायत के अनुसार ग्रुप में मौजूद लोगों ने खुशी से व्यक्तिगत रूप से संपर्क किया और उसे एक गेमिंग एप डाउनलोड करने के लिए प्रेरित किया। आरोपियों ने भरोसा दिलाया कि एप पर निवेश करने से उसे अच्छा मुनाफा मिलेगा।
इसके बाद आरोपी युवती को तरह-तरह से अच्छी कमाई होने का प्रलोभन देते रहे। इसके बाद उनके कहने पर युवती ने अलग-अलग चरणों में कुल 1.58 लाख रुपये जमा करा दिए। कुछ समय बाद जब युवती ने मुनाफे और अपनी जमा राशि वापस मांगी तो आरोपी टालमटोल करने लगे। बाद में उन्होंने संपर्क करना भी बंद कर दिया। तब युवती को एहसास हुआ कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुकी है। उसने पूरी जानकारी अपने पिता को दी, जिसके बाद साइबर क्राइम थाना में शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आरोपियों की पहचान के लिए बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल लेनदेन की जानकारी खंगाली जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, एप या अधिक मुनाफे के लालच में ऑनलाइन भुगतान करने से पहले सतर्क रहें।