संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवक से 6.26 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। शहर यमुनानगर थाना पुलिस ने दंपती समेत तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
शिकायत में पुराना हमीदा आनंद कॉलोनी निवासी राकेश कुमार ने बताया कि वर्ष 2024 में वह बेहतर रोजगार की तलाश में विदेश जाना चाहता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात कपिल कुमार, उसकी पत्नी प्रिया और हीना से हुई। तीनों ने खुद को विदेश भेजने का काम करने वाला बताते हुए दावा किया।
राकेश के अनुसार आरोपियों ने उससे अलग-अलग समय पर कुल 6.26 लाख रुपये ले लिए। पैसे लेने के बाद भी आरोपियों ने न तो उसकी विदेश यात्रा की कोई प्रक्रिया पूरी की और न ही वादा पूरा किया। जब उसने जानकारी मांगी तो आरोपी टालमटोल करते रहे।
पुलिस ने कपिल कुमार, उसकी पत्नी प्रिया व हीना के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। प्रवक्ता का कहना है कि थाना पुलिस की ओर से आरोपियों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है।