संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। छप्पर थाना क्षेत्र के गांव निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग ने अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 2.50 लाख रुपये की ठगी करने की शिकायत पुलिस को दी। शिकायत पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित ने बताया कि छह जुलाई को एक अज्ञात ने उनसे संपर्क किया। आरोपी ने उन्हें डराया कि उनके नाम से अश्लील वीडियो वायरल कर दिए जाएंगे, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचेगा। बदनामी के भय का फायदा उठाते हुए आरोपी ने उनसे अलग-अलग माध्यमों से कुल 2.50 लाख रुपये ठग लिए।
बाद में जब उन्हें एहसास हुआ कि उनके साथ साइबर ठगी हुई है तो उन्होंने तुरंत साइबर क्राइम थाना पहुंच कर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि डिजिटल लेनदेन, बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
वहीं साइबर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति अश्लील वीडियो, फोटो या सोशल मीडिया पर बदनाम करने की धमकी देकर रुपये मांगता है तो घबराने के बजाय तुरंत इसकी सूचना साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी साइबर पुलिस थाने दें।