संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) ट्रेडिंग रोबोट सॉफ्टवेयर के जरिए युवक ने भारी मुनाफा कमाने का लालच देकर 15 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कर जांच शुरू कर दी है।
वर्कशॉप रोड निवासी उमेश कुमार ने शिकायत दी थी कि 26 मार्च 2025 को मॉडल टाउन स्थित होटल में उनकी मुलाकात सुरेंद्र और राजेंद्र कुमार से हुई। दोनों आरोपियों ने खुद को एआई ट्रेडिंग रोबोट सॉफ्टवेयर से जुड़ा बताते हुए दावा किया कि इस तकनीक के माध्यम से शेयर और ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश करने पर कम समय में कई गुना लाभ कमाया जा सकता है।
आरोप है कि आरोपियों ने भरोसा जीतकर उनसे अलग-अलग माध्यमों से कुल 15 लाख रुपये निवेश करवा लिए। कुछ समय तक मुनाफा मिलने का भरोसा दिया जाता रहा, लेकिन बाद में न तो कोई लाभ मिला और न ही निवेश की गई राशि वापस लौटाई गई।
जब पीड़ित ने अपने पैसे मांगे तो आरोपी टालमटोल करने लगे। इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की। जांच के दौरान आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर यमुनानगर सिटी थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई शुरु कर दी। पुलिस प्रवक्ता का कहना है कि रुपये के लेनदेन और एआई ट्रेडिंग रोबोट सॉफ्टवेयर की वास्तविकता की जांच की जा रही है। आरोपी का सुराग लगाया जा रहा है।
ऑनलाइन निवेश का झांसा देकर 1.20 लाख रुपये की धोखाधड़ी
यमुनानगर। टेलीग्राम एप के माध्यम से ऑनलाइन निवेश और टास्क पूरा कर मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर युवक ने 1.20 लाख रुपये की साइबर ठगी का आरोप लगाया है। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव सरावां निवासी रवि कश्यप ने शिकायत में बताया कि तीन जुलाई को टेलीग्राम पर संपर्क करने वाले अज्ञात ने उसे ऑनलाइन टास्क और इन्वेस्टमेंट के जरिए अधिक मुनाफा कमाने का झांसा दिया। आरोपी के कहने पर उसने अलग-अलग माध्यमों से कुल 1.20 लाख रुपये जमा करा दिए।
इसके बाद न तो कोई लाभ मिला और न ही जमा राशि वापस की गई। खुद को ठगा महसूस होने पर पीड़ित ने साइबर क्राइम थाना में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी और ठगी गई राशि की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे है। पुलिस ने लोगों से ऑनलाइन निवेश के नाम पर आने वाले अनजान संदेशों और लिंक से सावधान रहने की अपील की है। साथ ही पुलिस को सूचना देने की अपील की है। संवाद