संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। क्रोएशिया भेजकर रोजगार दिलाने का भरोसा देकर एक युवक से छह लाख रुपये ठग लिए गए। आरोप है कि एजेंट ने फर्जी टिकट के सहारे उसे दिल्ली एयरपोर्ट बुलाया गया, जहां पहुंचने पर पूरा खेल सामने आ गया। थाना छप्पर पुलिस ने अमृतसर जिले के गांव वाडला वीराम निवासी लुकस राय के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव भंभोली निवासी सिद्धार्थ वेद ने बताया कि कुछ समय पहले उसकी मुलाकात अमृतसर में लुकस राय से हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने खुद को विदेश भेजने का काम करने वाला एजेंट बताया और दावा किया कि वह पहले भी कई युवाओं को अलग-अलग देशों में नौकरी के लिए भेज चुका है।
उसकी बातों पर भरोसा करते हुए सिद्धार्थ ने अपने साथ भतीजे आशीष को भी विदेश भेजने की इच्छा जताई। शिकायत के अनुसार आरोपी ने दोनों का क्रोएशिया का वीजा लगवाने का आश्वासन देते हुए कुल 16 लाख रुपये खर्च आने की बात कही। इस दौरान उसने दस्तावेज भी अपने पास ले लिए और अलग-अलग समय पर छह लाख नौ हजार रुपये ले लिए।
कुछ दिन बाद आरोपी ने फोन कर बताया कि वीजा और टिकट तैयार हैं, आरोपी ने 24 अप्रैल 2026 को दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने के लिए कहा। पीड़ित का कहना है कि तय तारीख पर जब वह दिल्ली पहुंचा तो एयरपोर्ट पर जानकारी मिली कि टिकट और वीजा दोनों ही रद हैं। आरोपी से संपर्क करने पर उसने दोबारा मोबाइल पर टिकट भेज दी।
जांच कराने पर वह टिकट भी फर्जी निकली। इसके बाद जब रुपये वापस मांगे गए तो आरोपी ने रकम लौटाने से साफ इन्कार कर दिया। आरोप है कि उसने धमकियां भी दीं। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।