संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। थाना सदर यमुनानगर पुलिस ने रोमानिया भेजने का झांसा देकर नौ लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में अंबाला निवासी मलकीत, ऋषिपाल, देवीलाल, मनीष और कुरुक्षेत्र के बोरिपुर कल्याण निवासी सुशील कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर की है। गांव जामपुर मंडेबर निवासी जसविंद्र कुमार और गांव अंबली निवासी विशाल की शिकायत पर आर्थिक अपराध शाखा की जांच के बाद यह कार्रवाई की गई।
शिकायत के अनुसार आरोपियों ने पहले रोमानिया में नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया और इसके लिए विभिन्न चरणों में रकम ली। इसके बाद दोनों युवकों को ई-वीजा पर रूस भेज दिया गया। आरोप है कि वहां न तो वर्क वीजा उपलब्ध कराया गया और न ही नौकरी। आरोप है कि रहने व खाने की भी कोई व्यवस्था नहीं की गई, जबकि इसका वादा पहले किया गया था।
रूस पहुंचने के बाद भी लगातार पैसे मांगे गए और जब उन्होंने विरोध किया तो संपर्क करना बंद कर दिया गया। मजबूरी में जसविंद्र अपने खर्च पर वापस लौट आया। उसका साथी विशाल लंबे समय तक आर्थिक तंगी के कारण रूस में फंसा रहा। मामले में पुलिस प्रवक्ता का कहना है कि थाना पुलिस की ओर से जांच जारी है और जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सर्बिया का ऑफर देकर मांगे और रुपये
आरोप है कि रोमानिया का काम नहीं होने की बात कहकर सर्बिया का ऑफर लेटर भेजा गया और तकनीकी कारणों का हवाला देकर उसे भी निरस्त बता दिया गया। इसके बाद पीड़ितों से अतिरिक्त रकम जमा कराने का दबाव बनाया गया। आरोप है कि विश्वास में लेकर लगातार अलग-अलग बहाने से रुपये लिए गए और अंत में उन्हें तय देश की बजाय रूस भेज दिया गया, जहां उन्हें न नौकरी मिली और न ही वर्क वीजा की सुविधा।