संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। थाना जठलाना क्षेत्र के गांव उन्हेड़ी में अवैध रेत खनन रोकने गई खनन विभाग की मोबाइल टीम का रास्ता रोक लिया गया। इसके बाद अवैध खनन सामग्री से ट्रैक्टर-ट्रॉलियां लेकर चालक भाग निकले। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत में आरोप है कि मोबाइल टीम-एक गश्त कर रही थी। इसी दौरान उन्हें अवैध रेत से भरी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां मिलीं। टीम ने दोनों वाहनों को रुकने का संकेत दिया, लेकिन चालक कार चालकों की मदद से ट्रैक्टर-ट्रॉलियां लेकर भाग गए। प्रभारी आशित सिंह के अनुसार टीम ने ट्रैक्टर का पीछा किया तो दो कारों में सवारों ने ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को बचाने के लिए हस्तक्षेप किया।
आरोप है कि कार सवार व्यक्तियों ने सरकारी कार्रवाई में बाधा डाली और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को भागने का मौका दिलाया। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने टीम के सदस्यों को डराने और जान से मारने की धमकी दी। मोबाइल टीम ने दोनों कारों के नंबर पुलिस को उपलब्ध कराए हैं। शिकायत के आधार पर थाना जठलाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर कार चालकों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है।