संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। रादौर क्षेत्र के गांव जुब्बल निवासी एक किसान ने जमीन दिलाने के नाम पर 48 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव जुब्बल निवासी हीरालाल ने बताया कि आरोपी सचिन कुमार, कनवर देवी और प्रियंका ने उसे गांव में तीन एकड़ जमीन का सौदा कराने का भरोसा दिया था। आरोपियों ने दावा किया कि वे जमीन मालिकों से बातचीत कर चुके हैं और जल्द ही रजिस्ट्री करा देंगे। उनके झांसे में आकर उसने अलग-अलग किस्तों में करीब 48 लाख रुपये दे दिए। शिकायतकर्ता का आरोप है कि रकम लेने के बाद आरोपी लगातार रजिस्ट्री की तारीख टालते रहे। जब उन्हें संदेह हुआ तो उन्होंने जमीन के संबंध में जानकारी जुटाई। जांच के दौरान पता चला कि संबंधित जमीन मालिकों ने किसी प्रकार का कोई सौदा ही नहीं किया था और न ही जमीन बेचने की सहमति दी थी।
जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने दस लाख रुपये का एक चेक दिया, लेकिन बैंक में लगाने पर वह बाउंस हो गया। इसके बाद रुपये लौटाने की मांग करने पर आरोपियों ने धमकियां भी दीं। इस पर मामले की शिकायत पुलिस को दी गई, जिस पर जांच की गई। जांच में शिकायत में लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।