संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। लकड़ी से भरी गाड़ी बेचने के नाम पर ठेकेदार सरस्वती काॅलोनी निवासी चिराग गोयल से दो लाख 47 हजार रुपये ठग लिए गए। आरोप है कि आरोपियों ने लकड़ी से भरी गाड़ी किसी और के पास खाली कर दी। चिराग गोयल ने उत्तर प्रदेश के जिला गोंडा के त्रिलोकपुर निवासी धर्मेंद्र कुमार, रूद्रपुर निवासी अमित गोस्वामी, ठेकेदार इमरान, चालक संजय सिसोदिया पर मिलीभगत कर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। शहर जगाधरी थाना पुलिस ने शिकायत पर चारों आरोपियों के विरूद्ध केस दर्ज किया।
सरस्वती काॅलोनी निवासी चिराग गोयल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह लकड़ी का ठेकेदार हैं। वह उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों से लकड़ी की गाड़ियां मंगवाते हैं। अक्सर विश्वास पर ही लकड़ी की गाड़ियां आती है, क्योंकि ड्राइवर से बात कर खाता में रुपये पहले ही डलवा देते हैं। उत्तर प्रदेश के कानपुर निवासी इमरान अहमद के साथ वह लंबे समय से व्यापार कर रहे थे।
उसके दिए खाता में यहां से रुपये भेज देते थे और ई वे बिल कटवा लेते थे। वह गाड़ी भिजवा देता था। ट्रांसपोर्टर और ड्राइवर की गाड़ी पहुंचाने की जिम्मेदारी होती थी। इसके लिए ट्रांसपोर्टर को कमीशन भी दी जाती है। तीन दिसंबर को उसकी की इमरान से बात हुई तो उसने कहा कि अटल सप्लायर से लकड़ी की गाड़ी खरीद ली है। जिसे बाबा अरवन ट्रांसपोर्टर से भिजवा रहे हैं।
इसका पेमेंट उसके व अटल सप्लायर के संचालक धर्मेंद्र के खाते में डाल दो। इस पर उन खातों में उसने दो लाख 47 हजार 690 रुपये डाल दिए। उधर से गाड़ी के चालक संजय सिसोदिया का मोबाइल नंबर दिया। उससे बात की और गाड़ी की आरसी व लाइसेंस भी ले लिया। चालक के पास लोकेशन भी भेज दी। आरोप है कि आरोपियों ने मिलीभगत कर यह गाड़ी अरशद टिंबर को बेच दी। जब इस बारे में आरोपियों से बात की तो वह टाल मटोल करने लगे। इस शिकायत पर पुलिस ने चारों आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया है।