गांधी नगर थानाक्षेत्र की जम्मू कॉलोनी निवासी सुरजीत शर्मा से महिला समेत दो लोगों ने मकान बेचने के नाम पर छह लाख रुपये ठग लिए। आरोपियों ने इकरारनामा करने के बाद जब जमीन की रजिस्ट्री नहीं करवाई तो प्रभावित व्यक्ति ने जांच करवाई। जांच में पता चला कि जिस मकान को बेचने का सौदा हुआ है, वह मकान किसी दूसरे व्यक्ति के नाम है। प्रभावित व्यक्ति ने आरोपियों से अपने रुपये मांगे, लेकिन आरोपियों ने रुपये देने से साफ मना कर दिया। परेशान होकर सुरजीत शर्मा ने इसकी शिकायत पुलिस से की। गांधी नगर थाने की पुलिस ने जम्मू कालोनी निवासी राधेश्याम और पुराना हमीदा निवासी पूजा पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जम्मू कॉलोनी निवासी सुरजीत ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसे पता चला था कि कॉलोनी का ही राधेश्याम अपना मकान बेचना चाहता था। उसका एक मकान कांसापुर में है। मकान देखने के बाद आरोपी ने छह लाख रुपये में मकान बेचने का सौदा किया। इसके बाद 28 दिसंबर 2016 को आरोपी ने छह लाख रुपये दे दिए और मकान बेचने का इकरारनामा तैयार करवाया। लेकिन, आरोपी ने रजिस्ट्री नहीं करवाई। साल 2018 में जब उसने राधेश्याम से रजिस्ट्री कराने के लिए कहा, तो वह टाल मटोल करने लगा, जिससे उस पर शक हुआ। जब अपने स्तर पर जांच की, तो सामने आया कि जिस मकान का इकरारनामा तय किया गया है, उसका असली मालिक फतेह बहादुर सिंह है। वर्ष 2005 में आरोपी राधेश्याम ने फतेह बहादुर को मकान पर बैंक से लोन कराने की बात कहकर जगाधरी तहसील में ले गया था। वहां पर उसने मकान अपने नाम बयाना करा लिया था। वहीं बाद में राधेश्याम ने उस मकान का बयाना बैंक में दिखाकर उस पर लोन ले लिया था। इस तरह से आरोपी ने फतेह बहादुर को भी धोखा दिया था। हालांकि उस समय तक मकान पर कब्जा फतेह बहादुर का ही था। मामला उस समय खुला, जब फतेह बहादुर के पास रिकवरी का नोटिस पहुंचा। तब यह मामला अदालत में गया था, लेकिन बाद में समझौता हो गया था। राधेश्याम ने बैंक का लोन उतारा और बयाना ले लिया था और बाद में इस मकान का बयाना पूजा के नाम करा दिया था। इस मामले को लेकर पंचायत हुई, जिसमें आरोपी ने छह लाख रुपये के बदले नौ लाख देने की बात कही थी, लेकिन बाद में यह पैसा नहीं दिया। अब आरोपी रुपये मांगने पर उसे धमकी दे रहा है। उसने परेशान होकर इसकी शिकायत पुलिस को दी। गांधी नगर थाने की पुलिस ने मामले में आरोपी राधेश्याम और पूजा के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांधी नगर थाना प्रभारी जसबीर सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद मामले में आगामी कार्रवाई की जाएगी।