यमुनानगर। स्वास्थ्य विभाग को डेंगू के चार और मरीज मिले हैं। अब जिले में इस सीजन डेंगू संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 18 हो गई है।
जिला मलेरिया अधिकारी एवं डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. सुशीला सैनी ने बताया कि पीएचसी बूड़िया के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र में पांच साल का बच्चा डेंगू संक्रमित मिला है। वहीं पीएचसी भंभौल के अंतर्गत 11 साल की बच्ची और 34 साल की महिला में डेंगू की पुष्टि हुई है। सीएचसी सरस्वतीनगर के अंतर्गत आने वाले गांव में 20 वर्षीय युवक भी डेंगू से संक्रमित मिला है। बाकी तीनों मरीज सरस्वतीनगर ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों के हैं।
स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने डेंगू के नए मामले सामने आने के बाद संबंधित क्षेत्रों में फॉगिंग करवाई है। साथ ही संक्रमण की स्थिति का पता लगाने के लिए 60 लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। विभाग की ओर से लोगों को अपने घरों और आसपास पानी जमा नहीं होने देने के लिए जागरूक किया जा रहा है। संवाद