सीआईए टू की टीम द्वारा प्रोडक्शन वारंट पर लिया गया आरोपी रोहित
- फोटो : YAMUNA NAGAR
गन प्वाइंट पर फैब्रिकेशन व्यवसायी के घर में हुई लूट के मामले में सीआईए -2 की टीम ने झज्जर जेल में बंद दो आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लिया है। पूछताछ में आरोपियों ने लूट की वारदात को अंजाम देना कबूल किया। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर चार दिन के रिमांड पर लिया गया। रिमांड में आरोपियों से लूटी गई नगदी, ज्वेलरी व अन्य सामान बरामद किए गए जाएंगे। पुलिस ने कार व अन्य हथियार पहले ही बरामद कर लिया था।
हत्या व लूट के मामले में झज्जर जेल में बंद थे आरोपी : सीआईए टू इंचार्ज श्री भगवान यादव ने बताया कि टीम को सूचना मिली थी कि पटेल नगर में लूट के आरोपी हत्या व लूट के मामले में झज्जर जेल में बंद है। एएसआई नर सिंह, रामप्रसाद, कुलदीप, रविंद्र व शमशेर की टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने झज्जर जेल में बंद आरोपी झज्जर निवासी रोहित उर्फ न्योल व रवि को प्रोडक्शन वारंट पर यहां लाया गया। आरोपी पहले लूट व हत्या के मामले में जेल में बंद थे। आरोपियों से रिमांड के दौरान लूट की गई ज्वेलरी व कैश बरामद करना है। इससे पहले टीम ने नौकर विनय व कुलदीप को गिरफ्तार कर लिया था और उनसे हथियार भी बरामद किए जा चुके हैं।
ये है पूरा मामला : पटेल नगर निवासी अशोक कुमार फैक्टरियों में फैब्रिकेशन डालने का काम करता है। अशोक की पत्नी मंजू ने पुलिस को बताया था कि वह फरीदाबाद के रहने वाले है। दो अप्रैल को उसके पति अशोक कुमार काम के सिलसिले से फरीदाबाद गए हुए थे। रात करीब नौ बजे उनका पुराना नौकर विनय उनके घर पर आया था। उस समय घर पर वो, उसकी बेटी 18 वर्षीय बेटी दीपा, 15 वर्षीय बेटा सुमित था। नौकर ने उससे उसके पति के बारे में पूछा। जब उसने आरोपी नौकर को बताया कि उसका पति काम से फरीदाबाद गया हुआ है। घर पर केवल वे ही है। ये सुनते ही आरोपी नौकर घर से बाहर चला गया। नौकर के घर से बाहर जाते ही स्विफ्ट कार में सवार होकर तीन युवक मुंह पर कपड़ा बांधकर घर में घुस गए थे। आते ही आरोपी युवकों ने पिस्टल उन पर तान दी और अलमारी की चाबी मांगी, लेकिन उसने देने से मना कर दी थी। इस दौरान आरोपियों ने उसके सिर में पिस्टल का बट मार दिया और उसका मोबाइल व सोने की चेन छीन ली। बदमाशों ने अलमारी की चाबी लेकर वहां से करीब दो लाख रुपये की नकदी लूट ली। तभी दीपा व सुमित ने शोर मचा दिया और उन्हें पकड़ने का प्रयास किया। इस पर आरोपियों ने दो फायर किए। लोगों को आता देखकर आरोपी अपनी कार छोड़ कर मौके से फरार हो गए थे।
मुलाना से छीनी थी कार व दो आरोपी गिरफ्तार : इंचार्ज श्री भगवान यादव ने बताया कि बदमाश लूट के बाद जो गाड़ी छोड़ कर गए थे। वह कार बरामद कर ली गई थी। वह कार बदमाशों ने गन प्वाइंट पर 31 मार्च को बराडा के कारोबारी से मुलाना में छीनी थी। सीआईए टू की टीम ने इस मामले में आरोप नौकर विनय व उसके एक साथी कुलदीप उर्फ कल्लू को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। अब अन्य दो साथियों को मामले में गिरफ्तार कर शामिल किया गया है।