दीपेंद्र कुमार
यमुनानगर। लगातार बढ़ रहे साइबर अपराध को देखते हुए हरियाणा सरकार गंभीर है। मुख्यमंत्री ने बजट में उप मंडल स्तर पर साइबर क्राइम थाना खोलने की घोषणा की। यमुनानगर जिले में उप मंडल जगाधरी, छछरौली, व्यासपुर और रादौर में साइबर क्राइम थाने खोलने का प्रस्ताव है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विधानसभा में बजट पेश किया। इस दौरान उन्होंने लगातार बढ़ रहे साइबर क्राइम को लेकर चिंता व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने उप मंडल स्तर पर साइबर क्राइम थाना बनाने का प्रस्ताव रखा है। यमुनानगर जिले की बात करें तो जिले में साइबर क्राइम की घटनाएं लगातार बढ़ रही है। जिले में जिला मुख्यालय पर एक साइबर क्राइम थाना है। जहां पर एक इंस्पेक्टर, आठ जांच अधिकारी समेत 15 पुलिसकर्मी तैनात हैं।
जिले में किसी भी क्षेत्र में साइबर क्राइम होने पर फरियादियों को साइबर क्राइम थाने पर पहुंचकर शिकायत देनी पड़ती है। पुलिस के मुताबिक, साइबर क्राइम थाने में प्रतिदिन 10 से 15 शिकायत पहुंचती है। एक जनवरी 2025 से अब तक साइबर थाने में 28 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं। कुछ शिकायतों की जांच चल रही है। शिकायतों के लंबित होने के कारण पीड़ितों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इस पर सैनी की सरकार ने उप मंडल स्तर पर साइबर क्राइम थाना खोलने का प्रस्ताव रखा है। संवाद