यमुनानगर। जिला सचिवालय के सभागार में सोमवार को लगे समाधान शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित चार शिकायतें प्राप्त हुईं। मौके पर किसी शिकायत का समाधान नहीं हो सका। नगराधीश पीयूष गुप्ता ने शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनका शीघ्र और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
नगराधीश ने कहा कि समाधान शिविरों का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित निपटान करना और लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिविर में आने वाले प्रत्येक प्रार्थी की शिकायत को गंभीरता से लिया जाए और जो संभव हो उसका मौके पर ही समाधान किया जाए।
विज्ञापन
शिविर में यमुनानगर निवासी चांदनी ने इंतकाल दर्ज कराने से जुड़ी समस्या रखी। नरेश कुमार ने राशन न मिलने और डिपो किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर संचालित होने की शिकायत दी। वहीं संदीप गांधी ने झुग्गियों में अवैध बिजली कनेक्शन लगाए जाने का मामला उठाया। जय भगवान ने सीवरेज ब्लॉक होने से क्षेत्रवासियों को हो रही परेशानी से अवगत कराया।
नगराधीश ने बताया कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार अब समाधान शिविर सप्ताह में दो दिन, सोमवार और वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक आयोजित किए जा रहे हैं। इस अवसर पर डीडीपीओ नरेंद्र सिंह, नायब तहसीलदार अमित कुमार, अधीक्षक अतुल कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।