यमुनानगर। पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने अलग-अलग स्थानों से चार चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से दो को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि दो आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
स्पेशल स्टाफ के कार्यवाहक इंचार्ज जसविंद्र सिंह ने बताया कि टीम को सूचना मिली थी कि दो युवक सेक्टर-18 स्थित टाउन पार्क के पास चोरी की नीयत से घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर सब इंस्पेक्टर सुखविंदर सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई, जिसमें रजनीश और कुलदीप को शामिल किया गया। टीम ने मौके पर दबिश देकर दोनों युवकों को काबू कर लिया। पूछताछ में उनकी पहचान दुर्गा गार्डन निवासी जितेंद्र और कन्हैया के रूप में हुई। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले भी करीब 15 चोरी के मामले दर्ज हैं, जो फिलहाल अदालत में विचाराधीन हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने 30 मार्च की रात मॉडल कॉलोनी स्थित एक निर्माणाधीन मकान से एसी पाइप चोरी करने की वारदात कबूल की। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
वहीं, स्पेशल स्टाफ की एक अन्य टीम ने बैंक कॉलोनी के पास पावर हाउस के नजदीक से दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान डेहा बस्ती कांसापुर निवासी जसबीर उर्फ खंडू और शिवपुरी बी निवासी लखविंदर उर्फ बिछु के रूप में हुई है। पूछताछ में इन आरोपियों ने 8 सितंबर 2025 को बैंक कॉलोनी के एक सूने मकान से जेवर और नकदी चोरी करने की वारदात का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार, इन दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले भी आधा दर्जन से अधिक चोरी की प्राथमिकी दर्ज है। संवाद