पुलिस गिरफ्त में महंत से लूटपाट करने के चारों आरोपी।
यमुनानगर। प्रताप नगर थाना क्षेत्र के चिक्कन गांव स्थित अजात आश्रम के महंत शिवपुत्र से मारपीट कर लूटपाट करने के चारों आरोपियों को पुलिस ने अदालत में पेश किया। चारों को चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड में आरोपियों से लूट व चोरी की अन्य वारदातों का खुलासा होने की संभावना है।
थाना प्रभारी सचिन कुमार ने बताया कि 20 मई की सुबह उन्हें सूचना मिली कि अजात आश्रम चिकन के महंत शिवपुत्र के साथ मारपीट हो गई है। जिसमें महंत को गहरी चोटें आई है। महंत ने शिकायत दर्ज करवाई कि 19-20 मई की रात्रि को वह आश्रम के ऊपर वाली मंजिल पर टहल रहे थे। तभी दो युवकों ने आकर कहा कि उनकी बाइक खराब हो गई है और वह यही सोना चाहते हैं।
वह दोनों युवक उन्हें बदमाश किस्म के लग रहे थे। जैसे ही उसने गांव में सूचना देने के लिए अपना फोन निकाला तो दोनों लड़कों ने उसके सिर पर वार किया। बेरहमी से नुकीले हथियारों से वार कर उसे घायल कर दिया। जिससे वह बेहोश हो गए। बाद में उसका मुंह बांध दिया।
आरोपी उसे मृत समझकर खींचकर रसोई में ले गए। जहां उन्होंने उसे बंद करके आश्रम में लूटपाट शुरू कर दी। होश में आने पर पता चला कि बदमाश आश्रम में रखे 50 हजार रुपये व सोने के आभूषण व दो मोबाइल फोन लूटकर ले गए। थाना प्रभारी सचिन ने बताया कि उनकी टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। जिनकी पहचान सहारनपुर के शेरपुर पैहलो गांव निवासी खालिक, मुसारिक, आवेश उर्फ शहराज और चांडी गैर निवासी मनोहर के रूप में हुई।
आरोपियों को अदालत में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान आरोपियों से वारदात में प्रयुक्त हथियार, लूटा गया सामान व अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ की जाएगी।