संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। मच्छर जनित बीमारियों से बचाव के लिएआखिरकार नगर निगम ने फॉगिंग की शुरुआत कर ही दी। फॉगिंग के लिए दो-दो टीमों का गठन किया गया है जो रोजाना दो वार्डों में फॉगिंग करेंगी।
जोन एक में वार्ड नंबर आठ और जोन दो में वार्ड नंबर 17 में फॉगिंग कराई गई। ताकि निगम क्षेत्र में मच्छरों से होने वाले डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया व अन्य बुखार और मच्छर जनित बीमारियों से निजात मिल सके। अमर उजाला ने इस संबंध में अभी तक फॉगिंग शुरू नहीं होने का समाचार 19 अगस्त के अंक में प्रकाशित किया था।
मुख्य सफाई निरीक्षक अनिल नैन ने बताया कि महापौर सुमन बहमनी व नगर निगम आयुक्त अखिल पिलानी के निर्देशों पर फॉगिंग कराने का कार्य शुरू करवा दिया है। फॉगिंग के लिए नगर निगम क्षेत्र को दो जोन में बांटा गया है। जोन एक में एक से 11 वार्ड और जोन दो में 12 से 22 वार्ड शामिल किए गए हैं। जोन एक में कर्मचारी शशि व जोन दो में कर्मचारी रणबीर सिंह के नेतृत्व में टीमें गठित की गई है। दोनों जोन में फॉगिंग के लिए दो बड़ी मशीनें व 12 छोटी मशीन है। बड़ी मशीन को निगम के कारगस वाहन में रखकर मुख्य मार्ग व चौड़ी गलियों में फॉगिंग कराई जा रही है। छोटी मशीनों से कॉलोनियों व गांवों की छोटी गलियों में फॉगिंग की जा रही है।
फॉगिंग सीएसआई हरजीत सिंह, सीएसआई विनोद बेनीवाल और सीएसआई अनिल नैन की देखरेख में की जाएगी। पहले दिन नगर निगम द्वारा जोन एक के वार्ड नंबर आठ की शिवाजी पार्क कॉलोनी, योगेश नगर, मॉडल टाउन के संतपुरा में फॉगिंग कराई गई। इसी तरह जोन दो के वार्ड नंबर 17 के कैंप, नवाब कॉलोनी और लक्ष्मी नगर में भी फॉगिंग कराई गई।
सीएसआई अनिल नैन ने बताया कि सड़कों व चौड़ी गलियों में निगम के कारगस वाहन व अन्य वाहन में बड़ी मशीन रखकर फॉगिंग कराई गई। वहीं, छोटी व तंग गलियों में निगम कर्मियों ने बाइक पर व पैदल छोटी मशीनों से फॉगिंग कराई। हर वार्ड में दो चरणों में फॉगिंग कराई जाएगी। इसके लिए शेड्यूल तैयार किया जा रहा है। बारिश में फॉगिंग नहीं कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि जलभराव वाले स्थानों पर निगम टीम की ओर से तेल व दवा डाली जा रही है।