वार्ड 22 में फॉगिंग करते निगम कर्मी
यमुनानगर। मच्छर जनित बीमारियों से बचाव को लेकर नगर निगम ने शुक्रवार को जोन एक में वार्ड नंबर सात और जोन दो में वार्ड नंबर 22 में फॉगिंग कराई गई। फॉगिंग के लिए दोनों जोन में संबंधित सीएसआई के नेतृत्व में टीमें बनाई गई है। जो रोजाना एक-एक वार्ड में फॉगिंग करेंगी।
दोनों जोन में फॉगिंग के लिए दो बड़ी मशीनें व 12 छोटी मशीन है। बड़ी मशीन को निगम के कारकस वाहन में रखकर मुख्य मार्ग व चौड़ी गलियों में फॉगिंग कराई जा रही है। छोटी मशीनों से कॉलोनियों व गांवों की छोटी गलियों में फॉगिंग की जा रही है।
सेक्टर-17 व 18 में हुई फॉगिंग
शुक्रवार को जोन एक के वार्ड नंबर सात के सेक्टर 17, सेक्टर 18 समेत विभिन्न क्षेत्रों में फॉगिंग कराई गई। इसी तरह जोन दो में सीएसआई सुनील दत्त के नेतृत्व सहायक सफाई निरीक्षक सुमित लाठर की देखरेख में वार्ड 22 की बैंक कॉलोनी आदि में फॉगिंग कराई गई।
सड़कों व चौड़ी गलियों में निगम के कारकस वाहन में बड़ी मशीन रखकर फॉगिंग कराई गई। वहीं, छोटी व तंग गलियों में निगम कर्मियों ने बाइक पर व पैदल छोटी मशीनों से फॉगिंग कराई।
उधर, उप निगम आयुक्त डा. विजय पाल यादव ने बताया कि निगमायुक्त आयुष सिन्हा के निर्देशों पर हर वार्ड में फॉगिंग कराने का कार्य किया जा रहा है। इस दौरान जहां से पानी निकलना मुश्किल था, वहां पर तेल और दवा डाली गई। ताकि रुके हुए पानी में मच्छर का लार्वा न पनप सके।