संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। बारिश के बाद शनिवार को जिले में कोहरा छाया। तड़के कोहरा होने के कारण ठंड का एहसास हुआ, हालांकि हवा चलने से कोहरा छंट गया। लेकिन हवा के कारण मौसम में दिनभर ठंडक बनी रही। इस दौरान तापमान में आठ डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है।
वहीं शनिवार को जिले का अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस रहा। पिछले सप्ताह की तुलना में यह आठ डिग्री सेल्सियस कम है। पिछले सप्ताह तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। बारिश के बाद शनिवार को आसमान साफ हो गया, लेकिन धूप हल्की रही। इस दौरान चली हवा ने ठंडक बनाए रखी।
शनिवार को दिन की शुरुआत तड़के घने कोहरे व ठंड के साथ हुई। इस दौरान औंस भी पड़ी और लोगों को मार्च में जनवरी की ठंड का एहसास हुआ। न्यूनतम तापमान कम होने के कारण शुक्रवार को भी ठंड रही। वहीं, शनिवार को दिन चढ़ने के साथ पारा भी चढ़ा और अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके साथ 11 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चली। हालांकि आसमान साफ रहा, लेकिन धूप हल्की रही। धूप ने लोगों को सर्दी से राहत पहुंचाई और मौसम खुशनुमा बना गया। परंतु इस दौरान हवा ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। हवा के कारण ठंड का एहसास हुआ। वहीं, दिन ढलने के साथ ठंड में इजाफा हुआ। लेकिन हल्की धूप ने मौसम खुशनुमा बनाए रखा।
विशेषज्ञों के अनुसार दो दिन मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा। सोमवार के बाद तापमान में वृद्धि होगी। इस सप्ताह तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। बुधवार से शुक्रवार तक बादल छाए रहने की संभावना है। अगले सप्ताह भी न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहेगा।
इस दौरान यह 16 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। इससे रात व अलसुबह मौसम में खुनकी रहेगी। कृषि विभाग ने किसानों के एडवाइजरी जारी की है। जिला कृषि उपनिदेशक डॉ. आदित्य डबास ने कहा कि बारिश से जिले में प्रभावित फसल का आकलन किया जा रहा है। विभाग मौसम विशेषज्ञों के पूर्वानुमान पर नजर बनाए हुए है।