यमुनानगर। गांधी नगर थाना पुलिस ने शिव इंटरप्राइजेज फर्म के मालिक इंद्रपाल पर केस दर्ज किया है। यह कार्रवाई पुलिस ने टैगोर गार्डन निवासी सतविंद्र पाल सिंह की शिकायत पर की है।
टैगोर गार्डन निवासी सतविंद्र पाल सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका स्क्रैप ट्रेडिंग का काम है। उसका लक्ष्मी गार्डन में न्यू हैप्पी स्कूल के पास प्लाॅट है। बुधवार सुबह नौ बजे शिव इंटरप्राइजेज के मालिक कृष्णा कॉलोनी निवासी इंद्रपाल मिगलानी उसके प्लाॅट में आया और वहां उसने हंगामा करते हुए प्लाॅट में लगे उसकी फर्म के फ्लेक्स बोर्ड फाड़ दिए।
शिकायतकर्ता के अनुसार इसकी सूचना उसके पड़ोसी ने उसे फोन पर दी। जब वह मौके पर पहुंचे तो उसने देखा कि आरोपी प्लाॅट के गेट पर लगे ताले को तोड़ने का प्रयास कर रहा था। उसे देखकर आरोपी उससे गाली गलौज करने लगा और जान से मारने की धमकी भी दी। उसने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।