संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। आईटीआई में दाखिला लेने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 दिसंबर कर दी है। वहीं शनिवार छुट्टी होने के बाद भी दाखिले के लिए आईटीआई खुली। इस दौरान कुल सात ही विद्यार्थी दाखिला लेने पहुंचे। दो के दस्तावेज दुरुस्त न होने पर उनके आवेदन निरस्त कर दिए गए। पांच विद्यार्थियों को आईटीआई में प्रवेश मिल गया।
संस्थान में अब केवल नौ सीट ही शेष हैं। यह सभी सीटें केवल प्लाईवुड मैन्युफैक्चरिंग ट्रेड की हैं। इसके अन्य सभी ट्रेड की सीटें भर गई हैं। इस ट्रेड में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों के पास यह अंतिम मौका है। विभाग के निर्देशानुसार नए साल से सत्र शुरू कर दिया जाएगा। विभाग की ओर से पांच चरण में दाखिले किए जा चुके हैं। यह प्रक्रिया ऑनलाइन मोड पर हुई थी। छठा चरण ऑफलाइन चलाया जा रहा है, जिसमें विद्यार्थियों को आवेदन के साथ ही सीट दी जाएगी। दस्तावेजों जांच के साथ ही प्रवेश दिया जाना है। इसमें किसी प्रकार का आरक्षण नहीं लागू होगा। यह चरण 31 दिसंबर तक चलेगा और 29 तक इसके लिए आवेदन किए जा सकते हैं।
आईटीआई में दाखिला के लिए इस बार रिकार्ड अब तक के सबसे ज्यादा पंजीकरण हुए थे। एक सीट के लिए औसतन दस विद्यार्थियों ने पंजीकरण करवाया था। बावजूद इसके आईटीआई की सभी सीटें भर नहीं पाई। वहीं 104 विद्यार्थियों ने प्रवेश पाने के बाद अपना दाखिला रद्द करवा दिया है। ऐसे में रद्द दाखिलों के लिए भी प्रक्रिया दोबारा से करनी पड़ी।
विद्यार्थियों का रुझान न मिलने के कारण विभाग को दो अतिरिक्त चरण भी करवाने पड़े। इन दो अतिरिक्त चरण के बाद भी सभी सीटें नहीं भर पाई हैं। दाखिला प्रक्रिया के कारण नए सत्र में विलंब हो रहा है। हर साल आईटीआई का नया सत्र अक्तूबर के अंत तक शुरू हो जाता था। इस बार दिसंबर समाप्त होने पर भी सत्र शुरू नहीं हो पाया है। वहीं विभाग ने इसे अंतिम अवसर बताया है। इसके बाद कोई प्रक्रिया नहीं होगी। नए सत्र की पढ़ाई शुरू हो जाएगी। आशा है कि नए साल से नया सत्र शुरू हो जाए।
संस्थान में केवल प्लाईवुड में मात्र नौ सीट बाकी हैं, जिसके लिए प्रक्रिया चल रही है। विभाग की ओर से 31 दिसंबर तक अंतिम तिथि बढ़ा दी है। विद्यार्थी प्रवेश के लिए 29 दिसंबर तक आवेदन कर सकते हैं। विद्यार्थियों के पास दाखिला पाने का यह अंतिम मौका है। - मनदीप सिंह बेनीवाल, प्रिंसिपल एवं नोडल अधिकारी, आईटीआई।