फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Yamuna Nagar News: खिलाड़ियों को पांच महीने का खुराक भत्ता जारी

Tue, 24 Mar 2026 12:53 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, यमुना नगर
विज्ञापन
तेजली खेल परिसर यमुनानगर।  आर्काइव
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

जगाधरी। खेल नर्सरियों में प्रशिक्षण ले रहे खिलाड़ियों का आठ महीने से रुका खुराक भत्ता विभाग ने जारी कर दिया है। पहले विभाग की ओर से पहले तीन महीने का भत्ता जारी किया गया था। वहीं अब विभाग ने शेष पांच महीने का भत्ता भी जारी कर दिया है।
इस बार विभाग की ओर से कुल 39 लाख रुपये का बजट जारी किया है। भत्ता जारी होने से जिले के करीब 950 खिलाड़ियों को उनकी श्रेणी के मुताबिक भत्ता दिया जाएगा। भत्ता जारी होने से खिलाड़ियों को काफी राहत मिलेगी।
विज्ञापन


यह भत्ता राशि पिछले वर्ष के सितंबर से जनवरी तक की दी जा रही है। यूनिक आईडी के आधार पर सत्यापन के बाद खिलाड़ियों के खातों में राशि का वितरण किया जाएगा। यह राशि जिले की खेल नर्सरियों में प्रशिक्षण ले रहे खिलाड़ियों के लिए जारी की गई है। खिलाड़ियों को पिछले वर्ष आठ महीने से खुराक भत्ता नहीं मिल रहा था।
अब खेल नर्सरियां भंग कर दी गई हैं और नई नर्सरियां देने की प्रक्रिया चल रही है। खुराक भत्ता न मिलने के कारण खिलाड़ियों को भारी परेशानी हो रही थी। विभाग ने पहले तीन और पांच महीने का भत्ता जारी किया है।अधिकारियों का कहना है कि सत्यापन के बाद खिलाड़ियों के खातों में राशि दी जाएगी।

खेल नर्सरियों में सरकार की ओर से खिलाड़ियों को खुराक भत्ता दिया जाता है। 14 वर्ष तक के खिलाड़ियों को प्रतिमाह 1,500 रुपये और 15 से 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों को प्रतिमाह 2,000 रुपये की राशि दी जाती है। इसका उद्देश्य खिलाड़ियों को पर्याप्त पोषण उपलब्ध करवाना है। जिले में खेल नर्सरियों से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित किया जा रहा है। कई खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतरीन प्रदर्शन कर चुके हैं।
दो महीने बंद रहती है नर्सरियां
खेल नर्सरियां वर्ष में दो महीने बंद रहती हैं। सरकार की ओर से खेल नर्सरी चलाने के लिए अप्रैल से जनवरी तक की अनुमति दी जाती है। जनवरी में नर्सरियां भंग कर दी जाती हैं, जिस कारण फरवरी व मार्च में नर्सरियां बंद रहती हैं। इसके बाद अप्रैल में नर्सरियां चलाने के लिए पुन: आवेदन मांगे जाते हैं। बता दें कि इन दो महीने में खिलाड़ियों की वार्षिक परीक्षाएं होती हैं। इस वर्ष जिले में 30 खेल नर्सरियां संचालित की जा रही थीं। वहीं, नए वर्ष में अब तक 135 संस्थाओं ने खेल नर्सरी के लिए आवेदन किया है।
विज्ञापन

जिले की खेल नर्सरियों में प्रशिक्षण करने वाले खिलाड़ियों का खुराक भत्ता आठ महीने से लंबित था। इसमें से तीन माह का भत्ता पहले जारी कर दिया गया था। वहीं, अब शेष पांच महीने का भत्ता भी जारी कर दिया गया है। सत्यापन के बाद खिलाड़ियों के खातों में राशि दी जा रही है।

शिल्पा गुप्ता, जिला खेल अधिकारी।
-
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें