संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर। ज्योतिबा फुले राजकीय कॉलेज की यूथ रेड क्रॉस यूनिट की ओर से वीरवार को प्राथमिक चिकित्सा प्रशिक्षण शिविर लगाया गया। जिसमें रेडक्रॉस सोसायटी यमुनानगर से कृष्ण कुमार प्रशिक्षण देने पहुंचे। उन्होंने स्वयंसेवकों को सीपीआर, जलने पर दी जाने वाली सहायता, गैस लीक के समय की जाने वाली सहायता, हड्डी टूटने पर करने वाली पट्टी व हाथों से स्ट्रक्चर बनाने की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि हम उपलब्ध साधनों से किसी की जान बचा सकते हैं। प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि यह प्रशिक्षण जीवन भर काम आने वाला है। सामाजिक ही नहीं बल्कि रोजमर्रा की जिंदगी में भी यह बेहद उपयोगी है। देश में दुर्घटनाएं बहुत होती हैं और अगर प्राथमिक चिकित्सा की जानकारी हो तो दूसरों की सहायता की जा सकती है। हर स्वयंसेवक को इस प्रशिक्षण में निपुण बनना चाहिए। कार्यक्रम रेड क्रॉस काउंसलर डॉ. रिंकू शर्मा की देखरेख में हुआ। इस दौरान प्रो. ऋतु नरवाल, रीना रानी, प्रो. नरेश कुमार, जसबीर कौर सहित अन्य उपस्थित रहे।