संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा शाखा हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन ने वीरवार को मुख्य दमकल केंद्र इंडस्ट्री एरिया पर जिला कार्यकारिणी की बैठक रखी। इस दौरान मांगों की अनदेखी पर 18 मार्च मुख्यालय पर प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया। इसके बाद भी मांगें पूरी न होने पर 30 मार्च निकाय मंत्री के आवास को घेरने का एलान किया गया।
मुख्य संगठनकर्ता गुलशन भारद्वाज ने कहा कि प्रदेश के दमकल विभाग में कार्यरत पे-रोल, कौशल निगम व नियमित दमकल कर्मचारियों की मांगों व समस्याओं की हरियाणा सरकार द्वारा लगातार अनदेखी की जा रही है। महंगाई के इस दौर में चार साल से कच्चे कर्मचारियों का वेतन नहीं बढ़ाया गया।
मुख्यमंत्री की कच्चे कर्मचारियों को जॉब सुरक्षा पॉलिसी की घोषणा के बावजूद कच्चे दमकल कर्मचारियों को इससे वंचित किया जा रहा है। 2018 में हड़ताल के दौरान नगरपालिका संघ व सरकार के साथ सहमति बनी थी जो कच्चा दमकल कर्मचारी अपनी सर्विस की योग्यताओं को पूरा कर लेगा उसको विभाग के सर्जित पद फायर ऑपरेटर पर समायोजित किया। जाएगा। सरकार वादे से पीछे हट रही है।
अगर कर्मचारियों की मांगों व समस्याओं का कोई समाधान नहीं होता तो प्रदेश भर के दमकल व नगरपालिका कर्मचारी 30 मार्च को राजस्व एवं आपदा प्रबंधन और निकाय मंत्री विपुल गोयल के गृह क्षेत्र फरीदाबाद स्थित आवास का घेराव करेंगे। अध्यक्षता इकाई प्रधान वीरेंद्र धीमान ने की। संचालन सचिव रिंकू कुमार ने किया। इस अवसर पर संतोष कुमार, विजेंद्र सिंह, सतनाम सिंह, अंकित, विक्की वालिया, विक्रम, लोकेश शर्मा आदि मौजूद रहे।