संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। दमकल कर्मचारियों ने मुख्य दमकल केंद्र पर बैठक बुलाकर चार मार्च की गेट मीटिंग की तैयारियों को लेकर विचार विमर्श किया। इस दौरान मांगों और आंदोलन करने का नोटिस देने का फैसला लिया गया।
जिला प्रधान गुलशन भारद्वाज ने बताया कि नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा शाखा हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन ने तयशुदा कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकरदमकल कर्मचारियों ने कमर कस ली है। चार मार्च को जिले के सभी मुख्य दमकल केंद्रों व उप दमकल केंद्रों के कर्मचारी दोपहर दो बजे मुख्य दमकल केंद्र पर गेट मीटिंग करके फायर स्टेशन ऑफिसर को आगामी आंदोलनों का नोटिस व मांगों का ज्ञापन सौंपेंगे।
उन्होंने बताया कि कर्मचारियों के साथ-साथ आम जनता तक अपनी आवाज पहुंचाने के लिए दीवार पोस्टर अभियान चलाया जाएगा। इन पोस्टरों को जिला के सभी दमकल केंद्रों, सरकारी दफ्तरों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशन के अलावा सभी मुख्य चौक चौराहों पर चिपकाया जाएगा ताकि आम जनता को भी पता चल सके। पिछले चार साल से वेतन न बढ़ने के कारण महंगाई के इस दौर में जीना दूभर हो गया है।
उन्होंने बताया कि इसी कड़ी में कर्मचारी 18 मार्च को पंचकूला में निदेशक अग्निश्मन के मुख्यालय पर प्रदर्शन करेंगे। अगर मांगों का समाधान नहीं होता तो 30 मार्च को फरीदाबाद में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल के आवास का घेराव भी करेंगे। इस मौके पर विजेंद्र सिंह, विनोद कुमार, साधु, जय प्रकाश, सलिंद्र, सुभाष, कुलदीप सिंह, संदीप सिंह, मोहन लाल, भोपेश, सुशील आदि उपस्थित रहे।