फतेहगढ़ तुंबी में पांच माह पहले जहरीला पदार्थ निगलने से हुई विवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने उसकी भाभी समेत तीन लोगों पर आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में केस दर्ज किया है। यह कार्रवाई मृतका की मां की शिकायत पर की गई। मृतका की मां का आरोप है कि उसकी बेटी की भाभी ने अपने पिता व अन्य के साथ मिलकर उसकी बेटी की अश्लील फोटो उसके पति व अन्य रिश्तेदारों के पास वायरल कर दी। इससे आहत होकर उसकी बेटी ने जहरीला पदार्थ निगल आत्महत्या कर ली थी।
कुरुक्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने बिलासपुर पुलिस को दी शिकायत में कहा कि पांच साल पहले उसकी बेटी की शादी बिलासपुर के गांव फतेहगढ़ तुंबी में हुई थी। उसकी बेटी खुशी से जीवन यापन कर रही थी। उसका बेटा कनाडा गया हुआ है। शादी के बाद उसकी पुत्रवधू कनाडा जाना चाहती थी, लेकिन शादी होने के बाद वह किसी कारण से उसके बेटे के साथ कनाडा नहीं जा सकी। जब उसका बेटा कनाडा गया तो उसने कहा था कि उसकी शादी जरूर हुई है, लेकिन उनके बीच कोई संबंध नहीं बने। बेटे के जाने के बाद भी पुत्रवधू उनके यहां पर रहती रही। महिला का आरोप है कि एक दिन उन्होंने अपनी पुत्रवधू को कमरे में सिगरेट पीते देखा। जब उन्होंने पड़ताल की तो पता चला कि वह शराब व अन्य नशा भी करती है। इसी दौरान उनकी बेटी मायके आई। उसकी पुत्रवधू यानी बेटी की भाभी उसे खरीददारी कराने के बहाने कुरुक्षेत्र ले गई। कुछ दिन बाद उसने उसकी बेटी को कहा कि उसके पास उसकी अश्लील फोटो है। यदि परिवार ने उसकी बात नहीं मानी तो वह उन्हें वायरल कर देगी। उन्हें बाद में पता चला कि पुत्रवधू ने बेटी को खरीददारी के बहाने कोई नशीली वस्तु पिलाकर अपने दोस्त अमन के साथ उसकी अश्लील फोटो खींच ली थी, जिन्हें वह वायरल करने की धमकी दे रही थी। उन्होंने पुत्रवधू को ऐसा करने से मना किया लेकिन उसने बेटी के पति व अन्य रिश्तेदारों के पास वह फोटो वायरल कर दी। इससे शर्मसार होकर 16 नवंबर 2020 को उसकी बेटी ने ससुराल में जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली थी। उस समय बेटी के ससुराल पक्ष ने लोकलाज के डर से पुलिस को शिकायत दर्ज नहीं कराई। लेकिन बाद में मां ने मामले में एसपी कुरुक्षेत्र से निष्पक्ष जांच की गुहार लगाई। एसपी कुरुक्षेत्र ने मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने के लिए शिकायत पुलिस अधीक्षक यमुनानगर को भेजी। पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच डीएसपी बिलासपुर को सौंपी, जिसकी रिपोर्ट पर पुलिस ने शिकायतकर्ता महिला की पुत्रवधू, उसके पिता व दोस्त के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।