संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। मॉडल टाउन क्षेत्र में वीरवार सुबह जिम से एक्सरसाइज कर बाहर निकले फाइनेंसर 60 वर्षीय हरभजन सिंह की बाइक सवार दो बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। जान बचाने के लिए हरभजन सिंह अपनी कार की ओर भागे। लेकिन बदमाशों ने उनका पीछा किया और दोबारा फायरिंग कर दी। सिर में गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रेम नगर निवासी हरभजन सिंह रोजाना सुबह मॉडल टाउन स्थित जिम में एक्सरसाइज करने जाते थे। वीरवार सुबह वह जिम से बाहर निकले और अपनी कार की तरफ जाने लगे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बाइक सवार दो बदमाशों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई फायरिंग से बचने के लिए हरभजन सिंह कार की तरफ दौड़े।
इस दौरान उनकी कार के बोनट पर भी दो गोलियां लगीं। कार तक पहुंचने के बाद भी बदमाशों ने उनका पीछा नहीं छोड़ा। दोनों बदमाश कार के पास पहुंचे और हरभजन सिंह पर दोबारा गोलियां चलाईं। गोली सिर में लगने से वह मौके पर ही गिर गए। सूचना मिलते ही एसपी कमलदीप गोयल और सिटी थाना पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं।
पुलिस ने घटनास्थल से गोलियों के खोल और अन्य साक्ष्य जुटाए। एएसपी आशीष चौधरी ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से बदमाशों की पहचान और आने-जाने के रास्ते की जांच की जा रही है। परिजनों से पूछताछ में अभी तक किसी रंजिश या धमकी की बात सामने नहीं आई है।
गोलियों की आवाज समझी पटाखे, खून से लथपथ मिले फाइनेंसर
संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। मॉडल टाउन में जिम के बाहर फाइनेंसर हरभजन सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वीरवार को सुबह के समय हुई ताबड़तोड़ फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास रहने वाले लोग मौके पर पहुंचे। पड़ोसी विनोद कुमार ने बताया कि वह अपनी पत्नी को ड्यूटी पर छोड़कर घर आए थे। इसके करीब पांच मिनट बाद अचानक तेज आवाजें सुनाई दीं। पहले उन्हें लगा कि कॉलेज के बच्चों ने पटाखे फोड़े हैं। कुछ देर बाद पता चला कि जिम के बाहर गोलियां चली हैं। इसके बाद वह अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचे।
विनोद कुमार के मुताबिक हरभजन सिंह का रोजाना का रूटीन तय था। वह सुबह-शाम पास के पार्क में वॉक और योगा करते थे। इसके बाद जिम में एक्सरसाइज करने के लिए आते थे। वीरवार सुबह भी वह जिम से एक्सरसाइज करने के बाद बाहर निकले थे। इसी दौरान बदमाशों ने उन पर गोलियां चला दीं। फायरिंग के दौरान हरभजन सिंह जान बचाने के लिए अपनी कार की ओर दौड़े, लेकिन बदमाशों ने उनका पीछा किया।
करीब 17 राउंड फायरिंग में सिर में गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद बाइक सवार दोनों आरोपी भाग गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर आरोपियों की पहचान और उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है। एसपी कमलदीप गोयल ने बताया कि हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीम लगाई है। डीएसपी की अगुवाई में पुलिस की तीनों टीमें काम कर रही हैं। जल्द ही हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
फाइनेंसर हरभजन सिंह हत्याकांड में बाइक सवार दोनों बदमाश सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए हैं। वारदात के बाद पुलिस ने आसपास लगे कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। वहीं परिजनों ने पुलिस को दी शिकायत में बदमाशों की बाइक का नंबर भी दर्ज कराया है। पुलिस बाइक नंबर और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है।
हरभजन सिंह को लगीं करीब 10 गोलियां
मॉडल टाउन में बाइक सवार बदमाशों की ताबड़तोड़ फायरिंग में फाइनेंसर हरभजन सिंह को करीब 10 गोलियां लगीं। गोलियां सिर, छाती और पेट में लगीं। इनमें सिर और एक्सरे करने पर छाती में लगी दो गोलियां शरीर के अंदर फंसी मिलीं। जबकि दो गोली उनके कार के बोनट पर लगीं। गंभीर रूप से घायल हरभजन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मौके से गोलियों के खोल बरामद किए।
पुलिस की तीन टीमें जांच में जुटीं
फाइनेंसर हरभजन सिंह हत्याकांड की जांच के लिए पुलिस ने तीन टीमें गठित की हैं। डीएसपी के नेतृत्व में सीआईए-1, सीआईए-2 और शहर यमुनानगर थाना पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। पुलिस वारदात स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही बाइक नंबर के आधार पर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
मॉडल टाउन मे फायरिंग के बाद जांच करती पुलिस की टीम। संवाद
मॉडल टाउन मे फायरिंग के बाद जांच करती पुलिस की टीम। संवाद
मॉडल टाउन मे फायरिंग के बाद जांच करती पुलिस की टीम। संवाद
मॉडल टाउन मे फायरिंग के बाद जांच करती पुलिस की टीम। संवाद