संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। बार एसोसिएशन चुनाव में वीरवार दोपहर तीन बजे तक नामांकन वापस लेने का समय था। इस दौरान कोई पीछे नहीं हटा। इसके बाद चुनाव अधिकारी ने बार एसोसिएशन के उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी कर दी है। बार एसोसिएशन के लिए पांच पदों के लिए कुल 16 उम्मीदवार मैदान में हैं।
अधिवक्ता 11 सितंबर को मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस बार कुल 1,753 मतदाता हैं। नामों की सूची जारी होने के बाद उम्मीदवार उनके सहयोगी प्रचार में जुट गए हैं। उम्मीदवारों में नौ पुरुषों के साथ सात महिलाएं शामिल हैं। बार एसोसिएशन के दो आरक्षित और एक अनारक्षित पद पर कुल सात महिला अधिवक्ता मैदान में हैं।
उप-प्रधान के लिए गरिमा खुराना, काजल ढांडा और रजनीश बाला मैदान में हैं। संयुक्त सचिव के लिए लक्ष्मी रानी, सीमा कांबोज और शिवानी नागपाल चुनाव में आमने-सामने हैं।
इसके अलावा अनारक्षित कोषाध्यक्ष पद के लिए अधिवक्ता साहिल शर्मा और सुमित मानी को पूजा रानी टक्कर देने मैदान में उतरी हैं। इसके अलावा चुनाव में नौ पुरुष अधिवक्ता अपनी किस्मत आजमाने उतरे हैं।
निर्वाचन अधिकारी गुरमेल सिंह मानीपुर ने बताया कि अंतिम सूची के बाद बार एसोसिएशन के चुनाव में कुल 16 उम्मीदवार मैदान में हैं। उन्होंने बताया कि नाम वापसी प्रक्रिया समाप्त हो गई है और किसी ने अपना नाम वापस नहीं लिया है। इसके बाद अब प्रधान पद के लिए अधिवक्ता प्रदीप राठौर और दिनेश चौहान आमने-सामने हैं।
महिला आरक्षित उप-प्रधान पद के लिए एडवोकेट गरिमा सिंह खुराना, काजल ढांडा और रजनीश बाला मैदान में हैं। अनारक्षित उप-प्रधान पद के लिए अधिवक्ता जसवीर राणा, धर्मवीर राठी व राकेश कुमार बरवाल चुनाव लड़ रहे हैं। महासचिव पद के लिए पंकज शर्मा और नितेश बंसल के बीच टक्कर है।
महिला आरक्षित सह-सचिव पद के लिए अधिवक्ता सीमा कांबोज, शिवानी नागपाल और लक्ष्मी रानी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला रहने वाला है। इसके साथ कोषाध्यक्ष पद के लिए पूजा रानी, सुमित सैनी और साहिल शर्मा चुनाव मैदान में हैं।
चुनाव प्रचार में जुटे सभी उम्मीदवार
उम्मीदवारों के नामों की घोषणा के बाद 11 सितंबर को अधिवक्ता बार पदाधिकारी चुनने के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिला बार एसोसिएशन के पास करीब 2200 अधिवक्ता पंजीकृत हैं। इसमें से 1,758 के पास मताधिकार का प्रयोग करने का अधिकार है। वहीं, एसोसिएशन में करीब 400 पंजीकृत महिला अधिवक्ता हैं और लगभग 175 महिलाएं नियमित वकालत कर रही हैं। वीरवार को नामों की सूची जारी होने के बाद उम्मीदवार अपने समर्थकों के साथ प्रचार में जुट गए हैं। उम्मीदवारों ने तमाम मतदाताओं से संपर्क बनाना शुरू कर दिया है।